नई दिल्ली: रविवार को पहली बार भारत की यात्रा पर आ रहे कैंब्रिज के ड्यूक और डचेस यहां क्रिकेट, बॉलीवुड, राजनीति और परिवार का आनंद लेंगे। ब्रिटिश उच्चायोग ने आज कहा कि प्रिंस विलियम और केट मिडिलटन भारत और भूटान की सात दिवसीय यात्रा पर 10 अप्रैल को मुंबई पहुंचेंगे। यह यात्रा दोनों देशों के बीच के मजबूत रिश्तों को और बेहतर बनाएगी।
उच्चायोग ने कहा, ‘भारत यात्रा के दौरान वे देश को जोड़ने वाले चार जुनून- क्रिकेट, बॉलीवुड, राजनीति एवं परिवार का अनुभव हासिल करेंगे।’ प्रिंस विलियम और केट मिडिलटन ताज महल देखने भी जाएंगे। विज्ञप्ति के मुताबिक, ड्यूक एक ऐसी जगह पर जाने का मौका पाकर खुशकिस्मत महसूस कर रहे हैं जहां उनकी मां की यादों को जीवित रखा गया है।
शाही दंपति की यात्रा का ब्यौरा देते हुए उच्चायोग ने कहा कि रविवार को वे ओवल मैदान जाकर मुंबई की तीन परमार्थ संस्थाओं- मैजिक बस, डोरस्टेप और इंडियाज चाइल्डलाइन के लाभार्थियों एवं प्रतिनिधियों के बीच होने वाले क्रिकेट मैच का लुत्फ उठाएंगे। उसी शाम वे कारोबार और बॉलीवुड की कुछ जानीमानी हस्तियों के साथ रात्रिभोज करेंगे और मुंबई के फिल्म एवं रचनात्मक उद्योग के बारे में जानेंगे।
सोमवार को वे नई दिल्ली आएंगे जहां वे भारत के सैन्य योगदानों को सम्मान व्यक्त करेंगे एवं महात्मा गांधी को याद करेंगे। शाही दंपति असम में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान की भी सैर करेंगे जहां वे ग्रामीण लोगों की जिंदगी में संरक्षण की भूमिका के बारे में जानेंगे। इसके बाद वे भूटान की यात्रा पर चले जाएंगे।
Latest India News