नई दिल्ली: दिल्ली समेत देश के कई शहरों में इस समय नागरिकता कानून के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन हो रहे हैं। दिल्ली के मंडी हाउस और लाल किला इलाके में आज जमकर हंगामा हुआ। सिर्फ दिल्ली ही नहीं देश के अलग-अलग शहरों में भी प्रदर्शन हो रहे हैं। दिल्ली से चंडीगढ़ तक, लखनऊ से पटना तक और हैदराबाद से बेंगलुरु तक इस वक्त लोग सड़क पर हैं। लाल किले के बाहर धारा 144 लागू होने के बावजूद प्रदर्शन हो रहे हैं। हंगामे की आशंका की वजह से पूरे यूपी में इस वक्त धारा 144 लागू है। विधानसभा के बाहर समाजवादी पार्टी ने आज विरोध प्रदर्शन किया। वहीं, पटना में भी सुबह से ही हंगामा हो रहा है।
देशभर में कहां-कहां प्रदर्शन?
1. दिल्ली- नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली के लाल किले से पैदल मार्च शुरू किया है। इस दौरान प्रदर्शनकारी सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। लाल किले के पास पुलिस लोगों से प्रदर्शन नहीं करने की अपील कर रही है। क्योंकि इलाके में धारा 144 लागू है। लाल किले के इलाके में धारा 144 लागू है। ऐसे में प्रदर्शन के लिए पहुंचे लोगों को हिरासत में लिया जा रहा है। प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली में 19 मेट्रो स्टेशन बंद, जामिया, जसोला विहार, शाहीन बाग, विश्वविद्यालय समेत कई स्टेशन बंद कर दिए गए है। दिल्ली में लालकिला, मंडी हाउस और राजघाट पर प्रदर्शन हो रहा है।
2. पटना- पटना में भी पप्पू यादव की पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर कर नागरिकता कानून के खिलाफ विरोध कर रहे हैं। आलम ये है कि जन अधिकार पार्टी के समर्थकों ने पूरे ट्रैफिक पर कब्जा जमा लिया है। पटना के डाकबंगला चौराहे पर हथकड़ी पहनकर समर्थकों के साथ पप्पू यादव ने प्रदर्शन किया और कहा कि सरकार ने देश के आत्मा को कैद किया है। मोदी सरकार देश को सीरिया बनाना चाहती है और हिटलर जैसा बर्ताव कर रही है।