अंबाला: कृपाण और कड़े धारण करने के कारण दो अमृतधारी सिख छात्रों को परीक्षा हॉल में प्रवेश नहीं देने पर सिख छात्रों और अकाली नेताओं ने आज हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के प्रतिनिधियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। पुलिस ने बताया कि आयोग के प्रतिनिधियों ने कर्मवीर सिंह और सुखविंदर सिंह को पटवारी की परीक्षा के लिए पॉलीटेक्निक संस्थान के भीतर प्रवेश नहीं करने दिया।
उन्होंने परीक्षा हॉल के भीतर कृपाण और कड़ा ले जाने से रोका जिसे लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस हो गयी।
सिख अभ्यर्थियों ने प्रतिनिधियों को समझाने का प्रयास किया कि सिख पंथ को मानने वालों के लिए पांच ककार कृपाण, कड़ा, कंघा, केश और कच्छा जरूरी है, लेकिन उन्होंने नहीं सुना।
इसबीच एसजीपीसी के सदस्य हरपाल सिंह पाली, अकाली दल के वरिष्ठ नेता सुखदेव सिंह गोबिन्दरगढ़, रणधीर सिंह फौजी, गुरचरण और संत सिंह कंधारी मौके पर पहुंचे और आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
एसडीएम शक्ति सिंह और डीएसपी राज कुमार वालिया भी मौके पर पहुंचे। उनके हस्तक्षेप के बाद छात्रों को परीक्षा देने की अनुमति दी गयी।
सिंह ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई के लिए घटना की सूचना आयोग को दे दी गयी है।
Latest India News