पुडुचेरी: पीपुल्स वेलफेयर अलायंस (पीडब्ल्यूए) के घटक दल भाकपा ने 16 मई को होने वाले पुडुचेरी विधानसभा चुनावों के लिए गुरुवार को अपने उम्मीदवारों की घोषणा की। भाकपा सात सीटों पर चुनाव लड़ रही है। यहां एक संवाददाता सम्मेलन में सूची जारी करते हुए पार्टी की पुडुचेरी इकाई के सचिव आर विश्वनाथन ने कहा कि वह कामराज नगर सीट से चुनाव लड़ेंगे।
भाकपा के अन्य उम्मीदवारों में एटक की पुडुचेरी इकाई के महासचिव वी एस अभिषेगम (मुदलियारपेट), के मुरूगन (मुतियालपेट), के सेधुसेल्वम (थट्टनचावड़ी), ए देवसागयम (उजवरकरई), एन मोहन उर्फ वीरायन (नेल्लीठोपे) और के तमिझलगन (नेदुनकाडु- आरक्षित) शामिल हैं। पीडब्ल्यूए के अन्य घटक दलों में शामिल वीसीके सात, डीएमडीके पांच, माकपा चार, एमडीएमके चार और आरएसपी एक सीट पर चुनाव लड़ेगी। पीडब्ल्यूए दो निर्दलीयों का समर्थन करेगा।
Latest India News