1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बोले- कोरोना के केस बढ़ने से घबराएं नहीं, मेडिकल टीमों का हौसला बढ़ाएं

पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बोले- कोरोना के केस बढ़ने से घबराएं नहीं, मेडिकल टीमों का हौसला बढ़ाएं

पंजाब में बढ़ते कोरोना वायरस के मामलों के बीच राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धु ने कहा कि घबराने की बात नहीं है, बस मेडिकल टीमों को हौसला अफजाई करते रहें।

पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बोले- कोरोना के केस बढ़ने से घबराएं नहीं, मेडिकल टीमों का हौसला बढ़ाएं- India TV Hindi
Image Source : ANI पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बोले- कोरोना के केस बढ़ने से घबराएं नहीं, मेडिकल टीमों का हौसला बढ़ाएं

चंडीगढ़: पंजाब में बढ़ते कोरोना वायरस के मामलों के बीच राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धु ने कहा कि घबराने की बात नहीं है, बस मेडिकल टीमों को हौसला अफजाई करते रहें। बलबीर सिंह ने कहा, "इस बात की चिंता मत करिए कि केस बढ़ रहे हैं। हमारी मेडिकल टीमों का हौसला बढ़ाइए, जो सैंपलिंग, टेस्टिंग और इलाज में लगातार जुटी हुई हैं। जरा सोचिए, अगर ये केस ट्रेस नहीं हुए होते तो पंजाब के हालात क्या होते?"

बता दें कि शनिवार शाम तक पंजाब में कोविड-19 से दो और लोगों की मौत होने के साथ ही मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 44 हो गई जबकि 36 नये मामले सामने आने के साथ मामलों की कुल संख्या बढ़कर 2,233 हो गई थी। अधिकारियों ने यह यह जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था कि शुक्रवार को लुधियाना में 51 वर्षीय एक व्यक्ति की, जबकि जालंधर में 49 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। दोनों रोगी मधुमेह और उच्च रक्तचाप के मरीज थे। 

एक स्वास्थ्य बुलेटिन के मुताबिक संक्रमण मुक्त होने के बाद अस्पतालों से कोविड-19 के 18 मरीजों को छुट्टी दिये जाने से अब तक संक्रमण मुक्त हुए मरीजों की कुल संख्या बढ़ कर 1,967 हो गई। राज्य में कुल इलाजरत मामले 222 हैं। इस बीच, केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में शनिवार को कोविड-19 संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया। यहां अब तक कुल 289 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि चार मरीजों की मौत हुई है। एक स्वास्थ्य बुलेटिन में यह जानकारी दी गई है।

Latest India News