इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मणिपुर की एक लड़की पर नस्लीय टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। ये मामला खुद लड़की ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है जिस पर इस कदर प्रतिक्रिया हुई कि विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को घटना पर दुख व्यक्त करना पड़ा।
मणिपुर की रहने वाली मोनिका की फ़ेसबुक पोस्ट के मुताबिक ये घटना शनिवार रात 9 बजे की है। वह सोल जा रही थी। जब वह काउंटर पर पहुंची तो इमिग्रेशन ऑफिसर ने उससे पूछा, "पक्का इंडियन हो? मणिपुर से किन किन राज्यों की सीमा लगी है? मोनिका से जहां इस तरह के सवाल किए जा रहे थे वहीं दूसरे काउंटर पर खड़ी महिलाएं हंस रही थी।
मोनिका ने जब अफ़सर से कहा कि उसे देरी हो रही है, उसे जाने दें तो अफ़सर ने कहा विमान आपको छोड़कर कहीं नहीं जा रहा आप आराम से जवाब दीजिए।
मोनिका की इस पोस्ट को अब तक करीब डेढ़ हज़ार लोग लाइक कर चुके हैं और 500 से ज़्यादा शेयर हो चुके हैं।
सुषमा स्वराज ने ट्वीटकर घटना पर दुख व्यक्त किया और कहा कि वह वह गृहमंत्री राजनाथ सिंह से संबंघित अधिकारी के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने को कहेंगी।
Latest India News