नई दिल्ली. मशहूर शायर राहत इंदौरी का मंगलवार को निधन हो गया। 70 साल के राहत इंदौरी कोरोना संक्रमित थे। उनकी मौत हार्ट अटैक की वजह से हुई। राहत इंदौरी की मौत के बाद कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर उन्हे श्रद्धांजलि दी। राहुल ने राहत इंदौरी को याद करते हुए ट्विट किया, "अब ना मैं हूँ ना बाक़ी हैं ज़माने मेरे,फिर भी मशहूर हैं शहरों में फ़साने मेरे..." इसके बाद राहुल गांधी ने लिखा, "अलविदा, राहत इंदौरी साहब।"
कोविड के अलावा कई बीमारियों से पीड़ित थे इंदौर
इंदौर के जिलाधिकारी मनीष सिंह ने "पीटीआई-भाषा" को बताया, "कोविड-19 से संक्रमित इंदौरी का अरबिंदो इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (सैम्स) में इलाज के दौरान निधन हो गया।" उन्होंने बताया कि इंदौरी हृदय रोग, किडनी रोग और मधुमेह सरीखी पुरानी बीमारियों से पहले से ही पीड़ित थे। 70 वर्षीय शायर ने मंगलवार सुबह खुद ट्वीट कर अपने संक्रमित होने की जानकारी दी थी। इंदौरी ने अपने ट्वीट में यह भी कहा था, "दुआ कीजिये (मैं) जल्द से जल्द इस बीमारी को हरा दूं।"
सैम्स के छाती रोग विभाग के प्रमुख डॉ.रवि डोसी ने बताया, "इंदौरी के दोनों फेफड़ों में निमोनिया था और उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था।" उन्होंने बताया, "सांस लेने में तकलीफ के चलते उन्हें आईसीयू में रखा गया था और ऑक्सीजन दी जा रही थी। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद हम उनकी जान नहीं बचा सके।"
इंदौरी के बेटे और युवा शायर सतलज राहत ने अपने पिता की मौत से पहले मंगलवार सुबह "पीटीआई-भाषा" को बताया था, "कोविड-19 के प्रकोप के कारण मेरे पिता पिछले साढ़े चार महीनों से घर में ही थे। वह केवल अपनी नियमित स्वास्थ्य जांच के लिये घर से बाहर निकल रहे थे।"
उन्होंने बताया कि इंदौरी को पिछले पांच दिन से बेचैनी महसूस हो रही थी और डॉक्टरों की सलाह पर जब उनके फेफड़ों का एक्स-रे कराया गया, तो इनमें निमोनिया की पुष्टि हुई थी। बाद में जांच में वह कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गये थे। गौरतलब है कि शायरी की दुनिया में कदम रखने से पहले, इंदौरी एक चित्रकार और उर्दू के प्रोफेसर थे। उन्होंने हिन्दी फिल्मों के लिये गीत भी लिखे थे और दुनिया भर के मंचों पर काव्य पाठ किया था।
Latest India News