1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. राहुल गांधी ने पीएम मोदी और ममता पर निशाना साधा

राहुल गांधी ने पीएम मोदी और ममता पर निशाना साधा

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर बुधवार को हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है और झूठे वादे किए हैं।

Rahul Gandhi
- India TV Hindi
Rahul Gandhi

बज (पश्चिम बंगाल): कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर बुधवार को हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है और झूठे वादे किए हैं। यहां चुनावी बैठक के दौरान राहुल ने कहा, सारदा चिटफंड कंपनी ने गरीब जनता का धन लूट लिया, लेकिन ममता जी ने कोई कार्रवाई नहीं की। उल्टे, जो लोग इसमें लिप्त थे उनको संरक्षण दिया।

तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ नारद स्टिंग ऑपरेशन का हवाला देते हुए राहुल ने कहा, प्रदेश की मुख्यमंत्री ने इस भ्रष्टाचार को टीवी पर देखा है, लेकिन अपनी पार्टी के लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।

उन्होंने कहा, मोदीजी ने भी वादा किया था कि वह भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ेंगे और काला धन के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। मोदीजी प्रधानमंत्री बन गए, लेकिन क्या हुआ? उनकी सरकार फेयर एंड लवली योजनाएं लेकर आई है, जिसमें कोई भी चोर या आतंकवादी थोड़ा सा कर चुकाकर अपने काले धन को सफेद कर सकता है।

उन्होंने सवाल किया, प्रधानमंत्री भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने की बात करते हैं, लेकिन ललित मोदी और विजय माल्या देश से कैसे भाग गए? उन्होंने आरोप लगाया, गुजरात में हजारों करोड़ रूपयों का भ्रष्टाचार है। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि ममता और मोदी दोनों ही ने झूठे वादे किए हैं।

उन्होंने कहा, पांच साल पहले ममताजी ने 70 लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था। कांग्रेस ने इसपर विश्वास किया और उनका समर्थन किया। लेकिन युवाओं को रोजगार नहीं मिला। जूट का काम करने वालों ने अपना रोजगार खो दिया।

राहुल ने कहा, उन्हीं की तरह मोदीजी ने भी दो करोड़ लोगों को रोजगार देने की बात कही थी, लेकिन किसी को रोजगार नहीं मिला। उन्होंने भीड़ से सवाल किया, वहां कोई ऐसा है जिसे ममता या मोदी ने रोजगार दिया हो?

Latest India News