1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. एनआईटी विवाद के लिए राहुल गांधी ने पीडीपी-भाजपा सरकार पर निशाना साधा

एनआईटी विवाद के लिए राहुल गांधी ने पीडीपी-भाजपा सरकार पर निशाना साधा

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज जम्मू-कश्मीर की पीडीपी-भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह श्रीनगर में एनआईटी के छात्रों के खिलाफ बर्बर कार्रवाई कर रही है।

Rahul Gandhi
- India TV Hindi
Rahul Gandhi

नई दिल्ली: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज जम्मू-कश्मीर की पीडीपी-भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह श्रीनगर में एनआईटी के छात्रों के खिलाफ बर्बर कार्रवाई कर रही है। गांधी ने ट्वीट किया, एनआईटी श्रीनगर के छात्रों पर लाठीचार्ज की कड़ी आलोचना करता हूं। भाजपा और उसके सहयोगी यह कब समझेंगे कि छात्रों के खिलाफ यूं बर्बर कार्रवाई करना कभी भी समस्या का निराकरण नहीं हो सकता?

राज्य कांग्रेस ने छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और स्थिति से निपटने में हुई कथित चूक के मामले में एक समयबद्ध न्यायिक जांच की मांग की है। पार्टी ने मौजूदा हालात पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि छात्रों और अभिभावकों के बीच जो असुरक्षा की भावना है वह अवांछित और गैर न्यायोचित बल प्रयोग के कारण और बढ़ गई है।

एनआईटी में बुधवार को बाहरी छात्रों द्वारा कुछ मांगों को सामने रखे जाने के कारण तनाव बढ़ गया था जिसमें संस्थान को कश्मीर से बाहर स्थानांतरित करना और लाठीचार्ज में शामिल पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई करने की मांग शामिल है। पिछले छह दिन से चल रहे इस विवाद को शांत करने के लिए दिल्ली से मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने एक टीम भेजी थी।

पार्टी प्रवक्ता मनीष तिवारी ने भी भाजपा पर हमला करते हुए ट्विटर पर लिखा कि यह राष्ट्रवादी भाजपा का नया तरीका है जो श्रीनगर में भारत के पक्ष में खड़े छात्रों पर हमला कर रही है जबकि शेष भारत में भारत माता की जय और वंदे मातरम के नाम पर लोगों को बांट रही है।

Latest India News