नई दिल्ली: अयोध्या में राम मंदिर भूमि पूजन के मौके पर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि भगवान राम कभी घृणा में, क्रूरता में और अन्याय में प्रकट नहीं हो सकते। उन्होंने ट्वीट कर कहा, "मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम सर्वोत्तम मानवीय गुणों का स्वरूप हैं। वे हमारे मन की गहराइयों में बसी मानवता की मूल भावना हैं। राम प्रेम हैं, वे कभी घृणा में प्रकट नहीं हो सकते। राम करुणा हैं, वे कभी क्रूरता में प्रकट नहीं हो सकते। राम न्याय हैं, वे कभी अन्याय में प्रकट नहीं हो सकते।"
बता दें कि अयोध्या में राम मंदिर के भूमि पूजन की प्रक्रिया संपन्न हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भूमि पूजन में हिस्सा लिया और मंदिर निर्माण के लिए शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या पहुंच सबसे पहले हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा की, इसके बाद रामलला के दर्शन कर भूमि पूजन के कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई मेहमान भूमि पूजन में मौजूद रहे। इससे पहले पीएम मोदी राम मंदिर के 'भूमि पूजन' समारोह में शामिल होने के लिए पारंपरिक परिधान (धोती और कुर्ता) पहने एक विशेष विमान से पहले लखनऊ पहुंचे, फिर वहां से हेलिकॉप्टर से अयोध्या पहुंचे।
अयोध्या में प्रस्तावित राम मंदिर के लिए भूमि पूजन दोपहर 12.30 बजे शुरू हुआ। कार्यक्रम प्रधानमंत्री द्वारा शिला पूजन, भूमि पूजन और कर्म शिला पूजन के साथ शुरू हुआ। प्रमुख पूजा दोपहर 12.44 बजे और 12.45 बजे के बीच 32-सेकंड के अभिजीत मुहूर्त के दौरान आयोजित किया गया।
यह वही मुहूर्त या शुभ मुहूर्त है जब भगवान राम का जन्म हुआ था। मंदिर निर्माण की शुरुआत के प्रतीक के तौर पर प्रधानमंत्री ने मंदिर की नींव में 40 किलो चांदी की ईंट रखी।
Latest India News