नई दिल्ली: गुजरात के ऊना में दलितों की पिटाई को लेकर आज संसद में कांग्रेस ने जबरदस्त हंगामा किया और मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया लेकिन जब गृह मंत्री राजनाथ सिंह संसद में इस पूरे मामले पर सरकार का पक्ष साफ कर रहे थे उस वक्त राहुल गांधी अपनी सीट पर हाथ से सिर टिकाए सोते दिखाई दिए।
उना के इस दलित मुद्दे को लेकर जब गृह मंत्री बयान दे रहे थे राहुल लोकसभा में अपनी सीट पर सोते नजर आए। हालांकि, गृह मंत्री के बयान के दौरान कांग्रेसी सांसदों ने हंगामा भी किया लेकिन राहुल अपनी सीट पर सोते ही रहे। गौर हो कि राहुल गांधी ने कहा है कि वे इस घटना को लेकर कल (गुरुवार) उना जाएंगे। एक तरफ राहुल दलित मुदे को लेकर गुजरात के उना जाएंगे तो संसद में इस गंभीर मसले पर चर्चा के दौरान उनके सोने पर सवाल उठने लगे हैं। राहुल के सोते रहने पर बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि राहुल के सोने से पता चलता है कि कांग्रेस कितनी गंभीर है।
गौर हो कि गुजरात के उना में कथित तौर पर गाय का चमड़ा उतारने को लेकर कुछ दलितों की बर्बर ढंग से पिटाई के विरोध में प्रदर्शन किए गए। इस दौरान भीड़ ने अमरेली कस्बे में पुलिस पर पत्थरों से हमला कर दिया जिसमें एक हेड कांस्टेबल की मौत हो गई। सुरक्षा बलों को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।
गुजरात में अहमदाबाद सहित इसके कई हिस्सों में दलित प्रदर्शनों में हिंसा हुई और राज्य की सरकारी परिवहन बसों पर हमला किया गया जबकि समुदाय के तीन और सदस्यों ने कथित रूप से खुदकुशी का प्रयास किया। ये दलित गुजरात के उना स्थित गिर-सोमनाथ जिले में कथित तौर पर एक गाय का चमड़ा उतारने को लेकर 11 जुलाई को दलित समुदाय के लोगों पर बर्बर ढंग से हमला करने के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे।
Latest India News