1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. तय समय पर शुरू नहीं हो पाई स्पेशल ट्रेनों की बुकिंग, रेल मंत्रालय ने दी सफाई

तय समय पर शुरू नहीं हो पाई स्पेशल ट्रेनों की बुकिंग, रेल मंत्रालय ने दी सफाई

रेल मंत्रालय की ओर से ट्वीट किया गया, "विशेष ट्रेनों से संबंधित डेटा आईआरसीटीसी की वेबसाइट में फीड किया जा रहा है। ट्रेन टिकट बुकिंग थोड़ी देर में शुरू होगी। कृपया प्रतीक्षा कीजिए। असुविधा के लिए खेद है।"

तय समय पर शुरू नहीं हो पाई स्पेशल ट्रेनों की बुकिंग, रेल मंत्रालय ने दी सफाई- India TV Hindi
Image Source : FILE तय समय पर शुरू नहीं हो पाई स्पेशल ट्रेनों की बुकिंग, रेल मंत्रालय ने दी सफाई

नई दिल्ली: भारतीय रेल की मंगलवार से शुरू होने वाली आंशिक सेवा के लिए टिकट रिजर्वेशन आज शाम चार बजे से शुरू होने थे, लेकिन दिए गए वक्त पर यह शुरू नहीं हो पाए। खबर लिखे जाने तक भारतीय रेलवे की वेबसाइट www.irctc.co.in पर  रिजर्वेशन नहीं हो पा रहे थे। ऐसे में रेल मंत्रालय ने सफाई दी और कहा कि जल्द ही यह सुविधा शुरू हो जाएगी।

रेल मंत्रालय की ओर से ट्वीट कर कहा गया कि अभी IRCTC की वेबसाइट पर जानकारी डाली जा रही है। मंत्रालय ने ट्वीट में लिखा, "विशेष ट्रेनों से संबंधित डेटा आईआरसीटीसी की वेबसाइट में फीड किया जा रहा है। ट्रेन टिकट बुकिंग थोड़ी देर में शुरू होगी। कृपया प्रतीक्षा कीजिए। असुविधा के लिए खेद है।"

बता दें कि भारतीय रेल मंगलवार से अपनी आंशिक सेवाएं शुरू कर रही है। इसके तहत शुरुआत में 15 जोड़ी ट्रेनें (आना-जाना) चलेंगी। यह ट्रेनें नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से डिब्रूगढ़, अगरतला, हावड़ा, पटना, बिलासपुर, रांची, भुवनेश्वर, सिकंद्रबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, तिरुवनंतपुरम, मडगांव, मुंबई सेंट्रल, अहमदाबाद और जम्मू-तवी रेलवे स्टेशन के बीच चलेंगी।

मंगलवार (12 मई) से शुरू होने वाली विशेष ट्रेनों के परिचालन के लिए गृह मंत्रालय (MHA ने दिशा निर्देश जारी किए हैं। गृह मंत्रालय के मुताबिक, केवल कनफर्म ई-टिकट धारकों को यात्रा करने की अनुमति मिलेगी। सभी यात्रियों की आवश्यक स्क्रीनिंग की जाएगी, जिन यात्रियों में संक्रमण के कोई लक्षण नहीं पाये जाएंगे, उन्हें यात्रा की अनुमति दी जाएगी।

गृह मंत्रालय के नए दिशा-निर्देश
  • सबसे पहले गृह मंत्रालय ने रेल यात्रियों से यात्रा के दौरान सावधानी बरतने के लिए कहा है।
  • केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार ट्रेन किस रूट पर चलेगी और कब चलेगी इसका फैसला रेल मंत्रालय लेगा। इसके लिए वह केंद्रीय गृह मंत्रालय, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संपर्क में रहेगा। 
  • ट्रेन की टाइमिंग क्या होगी, बुकिंग कैसे की जाएगी, स्टेशन पर और ट्रेन में एंट्री कैसे लेनी है, इसकी गाइडलाइन्स रेल मंत्रालय जारी करेगा।
  • जिनका ई-टिकट कन्फर्म है उन्हें ही स्टेशन पर आने की अनुमति होगी।
  • ई-टिकट के आधार पर ही किसी यात्री या फिर कैब के ड्राइवर की एंट्री हो पाएगी। 
  • हर रेलवे स्टेशन पर यात्री की स्क्रीनिंग की जाएगी, जो नॉर्मल हैं उन्हें ही एंट्री मिलेगी।
  • हर कोच, रेलवे स्टेशन के एंट्री एग्जिट पर हैंड सैनिटाइज़र की सुविधा होनी चाहिए।
  • हर यात्री को मास्क पहनने की जरूरत है, स्टेशन और रेल दोनों जगहों में। 
  • ट्रेन पर चढ़ते समय और उतरते समय सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना जरूरी है। 
  • रेल मंत्रालय के द्वारा एक एडवाइजरी जारी की जाएगी, जिसका पालन रेलवे कर्मचारियों को करना है। 
  •  ट्रेन जब अपने आखिरी स्टेशन पर पहुंचेगी तो सभी यात्रियों को उस राज्य के नियमों का पालन करना होगा और अधिकारियों की सहायता करनी होगी।

Latest India News