लखनऊ: उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ व आसपास के इलाकों में मंगलवार सुबह बादल छाए रहे, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों तक मौसम का यही रुख बरकरार रहने की संभावना है। उत्तर प्रदेश मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता के अनुसार, दिन में राज्य के कई जिलों में बादल छाए रहेंगे। कई जिलों में बारिश होने के आसार हैं। तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज किए जाने की उम्मीद है।
राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है। लखनऊ के अलावा बनारस में न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री, कानपुर में 23 डिग्री, गोरखपुर में 24.3 डिग्री, झांसी में 23 डिग्री व इलाहाबाद में 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मध्य प्रदेश में कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित अन्य स्थानों पर बीते दो दिनों में हुई बारिश के बाद मंगलवार सुबह भी बदली छाई रही। मौसम सुहावना रहा। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 24 घंटों के दौरान जबलपुर, दमोह, कटनी, पन्ना,मंदसौर, मंडला, रतलाम, झाबुआ, उज्जैन, रायसेन, सिवनी, बालाघाट, आगर आदि स्थानों में भारी बारिश हो सकती है।
राज्य में बारिश का दौर जारी रहने से तापमान में गिरावट आई है। राजधानी भोपाल में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री, इंदौर में 23.2 डिग्री, ग्वालियर में 26.7 डिग्री और जबलपुर में 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं एक दिन पहले सोमवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री, इंदौर में 30 डिग्री, ग्वालियर में 36.4 डिग्री और जबलपुर में 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
Latest India News