इंदौर: इंदौर में IMA ने इंटरनेशनल मैनेजमेंट कॉन्क्लेव का आयोजन किया है। इस कॉन्क्लेव के दूसरे दिन यहां केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और इंडिया टीवी के एडिटर इन चीफ रजत शर्मा मुख्य अतिथि के रूप मौजूद रहे। इंदौर मेनेजमेंट एसोसिएशन पिछले 28 सालों से ये कॉन्क्लेव करता आ रहा है। इस बार यहा 29वां कॉन्क्लेव था। इस कॉन्क्लेव में 5 ट्रिलियन इकॉनमी पर वक्ताओं ने अपनी बात रखी।
कॉन्क्लेव में रजत शर्मा ने देश के नंबर वन शो 'आप की अदालत' में बतौर मेहमान बनकर आई हस्तियों अटल बिहारी बाजपेयी नरेंद्र मोदी, शाहरुख खान, सलमान खान, जैसे सितारों से जुड़े कई दिलचस्प पहलुओं को भी साझा किया। साथ ही रजत शर्मा ने वहां मौजूद लोगों के सवालों के भी जवाब दिए। मुश्किल के वक्त में भी मनोबल को बनाए रखने से जुड़े एक सवाल के जवाब में उन्होंने एक बहुत ही पॉजिटिव बात कही।
उन्होंने कहा कि "यह सवाल मैंने अपने बाबू जी से पूछा था, जब मैं आठ-नौ साल का था। इतना दुख है, इतनी तकलीफ है, खाने को नहीं है, पहनने को नहीं है तो कैसे कुछ पाने का सपना देखें, कैसे कुछ करने की हिम्मत जुटाएं। तो उन्होंने कहा था कि जीवन एक आग की भट्टी है, अगर तुम सोना हो, खरे हो तो इसमें से तप करके निकल जाओगे, आग से तो गुजरना पड़ेगा और अगर खरे नहीं हो तो इसमें भस्म हो जाओ। क्योंकि, ऐसे जीवन का क्या फायदा जो खरा ना हो।"
उन्होंने कहा कि "जब दुख आए, तकलीफ आए, संघर्ष आए तो ये सोचिए कि तप करके निकलना है। और, इस देश की मिट्टी में ऐसा कुछ है, गरीब से गरीब आदमी को, अभाव में रहने वाले व्यक्ति को, ये देश मौका देता है। एक चाय बेचने वाले को देश का प्रधानमंत्री बना देता है। इससे बड़ा और क्या उदाहरण चाहिए।
Latest India News