नई दिल्ली: सोनिया गांधी पर पलटवार करते हुए भाजपा ने बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष से अपने पुराने रिश्ते का इस्तेमाल कर यह पता लगाने को कहा कि क्यों एक इतालवी अदालत ने अगस्तावेस्टलैंड भ्रष्टाचार मामले में उनका नाम लिया।
भाजपा ने यह भी कहा कि अभी और खुलासे होंगे। केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि सरकार व्यापक जांच की कांग्रेस प्रमुख की मांग पूरी करेगी और इसके तौर तरीके रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर द्वारा इस मुद्दे पर संसद में बयान देने के बाद तय किए जाएंगे।
संसदीय कार्य राज्य मंत्री ने कहा, सच्चाई यह है कि इतालवी अदालत के दस्तावेजों में कुछ तथ्य हैं और उनका नाम है। (संप्रग सरकार के) कुछ वरिष्ठ मंत्रियों के नाम भी हैं। इटली में उनके अवश्य ही कुछ संपर्क होंगे। उन्हें अपने पुराने संबंधों से यह पता लगाना चाहिए कि अदालत ने दो साल बाद ऐसा आदेश क्यों दिया।
उन्होंने कहा, अदालत ने ऐसी चीजें क्यों लिखी जिसने भारत में उनके लिए एक समस्या खड़ी की। यदि यह बदले की भावना है तो उन्हें इतालवी अदालत से इसके बारे में पूछना चाहिए। रूडी का इशारा सोनिया गांधी के इतालवी मूल और उनके बुधवार के इस आरोप के संदर्भ में था कि उनके और अन्य कांग्रेस नेताओं के खिलाफ आरोप चरित्र हनन की रणनीति के तहत है।
रूडी ने कटाक्ष किया, उन्होंने पूछा कि सरकार ने पिछले दो सालों में क्या किया। हम सघन जांच करेंगे। आप जो चाहती हैं वह पूरा होगा....... और खुलासे होंगे।
उन्होंने कहा कि ढेर सारे सबूत हैं, सरकार के पास छिपाने को कुछ नहीं है।
उन्होंने कांग्रेस के इस आरोप का भी खंडन किया कि राजग सरकार ने काली सूची से अगस्तावेस्टलैंड का नाम हटा लिया और कहा कि इस कंपनी के साथ किसी भी सरकारी विनिमय पर प्रतिबंध जारी है।
रूडी ने राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद के इस बयान को लेकर उनपर पलटवार किया कि उनकी पार्टी के नेताओं के खिलाफ लगे आरोप का संबंध पिछले साल संयुक्त राष्ट्र के एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपने इतालवी समकक्ष से भेंट से है।
भाजपा नेता ने कहा, यह सरासर झूठ, मनगढंत और काल्पनिक है। कांग्रेस ध्यान बंटाने के लिए असत्य को ढाल के रूप में इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि कई भाजपा सदस्यों ने संसद के दोनों सदनों में इस मुद्दे पर चर्चा के लिए नोटिस दिया है और पर्रिकर इसका जवाब देंगे।
Latest India News