लेह: केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कहा कि भारतीय सेना आतंकवादियों के साथ-साथ LoC पर संघर्ष विराम के उल्लंघन का मुंहतोड़ जवाब दे रही है। राजनाथ जम्मू एवं कश्मीर के बारामूला में सुरक्षा बलों के शिविर पर रविवार रात हुए हमले और पाकिस्तान की ओर से लगातार संघर्ष विराम उल्लंघन पर प्रतिक्रिया दे रहे थे।
उन्होंने कहा, "हमारे जवान और सेना मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं।" राजनाथ ने 2 दिवसीय लद्दाख के दौरे के तहत लेह पहुंचने के बाद यह टिप्पणी की।
बारामूला हमले की समीक्षा की
जम्मू एवं कश्मीर के बारामूला जिले में रविवार रात BSF के शिविर को निशाना बनाकर किए गए हमले के बाद केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह को वहां के सुरक्षा हालात की जानकारी ली।
सूत्रों के मुताबिक, बीएसएफ के महानिदेशक के.के. शर्मा ने राजनाथ को पूरी स्थिति से अवगत कराया। शर्मा की फोन पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से भी बात हुई। राजनाथ ने इस हमले में एक जवान के शहीद होने पर संवेदना जताई और अधिकारियों को शहीद जवान के परिवार के सहायता राशि की घोषणा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने BSF प्रमुख से घायल जवानों को बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने को भी कहा।
Latest India News