1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. असम की जीत अच्छे शासन, विकास का परिणाम: प्रसाद

असम की जीत अच्छे शासन, विकास का परिणाम: प्रसाद

केंद्रीय दूरसंचार मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने कहा है कि असम की जीत मोदी सरकार के अच्छे शासन और विकास की एक गवाही है।

Ravishankar Prasad
- India TV Hindi
Ravishankar Prasad

नई दिल्ली: केंद्रीय दूरसंचार मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने कहा है कि असम की जीत मोदी सरकार के अच्छे शासन और विकास की एक गवाही है। उन्होंने कहा कि पार्टी पूरे देश में विस्तारित हो रही है। प्रसाद ने कहा, "असम की जीत पिछले दो साल के दौरान हमारी सरकार द्वारा किए गए काम पर जनता की मुहर है। यह विकास की राजनीति की जीत है और कांग्रेस शासन की विफलता है।"

प्रसाद ने कहा कि 2011 की तुलना में भाजपा ने पश्चिम बंगाल में अधिक सीटें जीती और अपना मत प्रतिशत बेहतर किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने केरल में भी अपना खाता खोला। प्रसाद ने बिहार में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि राज्य में जंगल राज लौट आया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जब बिहार में भाजपा सत्ताधारी गठबंधन में शामिल थी, तो उस दौरान वहां बिल्कुल अराजकता नहीं थी।

उन्होंने कहा, "हमारी सरकार भ्रष्टाचार और भ्रष्ट लोगों के खिलाफ काम कर रही है। विदेशी निवेश में वृद्धि और 7.5 प्रतिशत विकास दर इस सरकार द्वारा किए गए कार्य को रेखांकित करते हैं। यह अच्छे दिनों की शुरुआत है।" प्रसाद ने कथित 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की ओर इशारा करते हुए कहा कि संचार भवन (दूर संचार मंत्रालय का मुख्यालय) अब दलालों और भ्रष्ट आचरणों से मुक्त हो गया है।

उन्होंने कहा, "अब कोई भी सरकार द्वारा किए जाने वाले स्पेक्ट्रम नीलामी पर उंगली नहीं उठा सकता।" उन्होंने कहा कि बीएसएनएल दो वर्ष से कम समय में एक लाभ कमाने वाली कंपनी बन गई है। प्रसाद ने कहा, "पूर्व की सरकार के कार्यकाल के दौरान बीएसएनएल उपभोक्ताओं की संख्या आठ लाख थी। अब यह संख्या 23 लाख है, और 672 करोड़ रुपए का लाभ हुआ है।"

एप्पल इंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टिम कुक के हाल के भारत दौरे पर प्रसाद ने कहा कि यह अमेरिकी मोबाइल फोन कंपनी भारत में निवेश कर सकती है। उन्होंने पश्चिम बंगाल में गठबंधन करने के लिए कांग्रेस और वाम मोर्चे की आलोचना की और कहा कि यह कैसी पार्टी जो एक राज्य में मित्र की भूमिका निभाए और दूसरे राज्य में शत्रु की।

Latest India News