सम्भल: दिल्ली और ओडि़शा में गिरफ्तार किये गये अलकायदा के दो संदिग्ध सदस्यों में से एक के उत्तर प्रदेश के सम्भल के मूल निवासी होने की बात सामने आने पर जिले में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक अतुल सक्सेना ने आज यहां बताया कि दिल्ली में गिरफ्तार किये गये अलकायदा के संदिग्ध सदस्य आसिफ का ताल्लुक सम्भल से होने के दावे के मद्देनजर जिले में सतर्कता बढ़ाते हुए कल रात रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि इसके तहत जिले की तमाम फैक्टि्रयों और कारखानों में मजदूरों की पहचान कराने के आदेश दिये गये हैं। साथ ही जिले की खुफिया इकाइयों को सतर्क कर मुख्य स्थानों पर तलाशी अभियान शुरू किया गया है। इसके अलावा होटलों तथा अतिथिगृहों में रहने वालों की जांच भी शुरू कर दी गयी है।
मालूम हो कि आसिफ (41) को उत्तर पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर से गिरफ्तार किया गया था। वह अलकायदा की भारतीय उपमहाद्वीप इकाई :एक्यूआईएस: की भर्ती और प्रशिक्षण को संचालित करने वाले विंग का संस्थापक सदस्य और भारतीय प्रमुख :अमीर: है।
आसिफ जून 2013 में दो अन्य युवकों के साथ दिल्ली से ईरान के तेहरान गया था । वहां वह कासिम से मिला था जिसने उनके लिए ईरान के सिस्तान और बलूचिस्तान प्रांत के जाहिदान के लिए टिकटों की व्यवस्था की थी। वहां से वे ईरान पाकिस्तान सीमा की ओर गए और उन्होंने सीमा को पैदल पार किया।
Latest India News