1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. रिलायंस की सबसे सस्ती 4G सर्विस, जानिए इसके ग्राहकों को क्या-क्या मिलेगा?

रिलायंस की सबसे सस्ती 4G सर्विस, जानिए इसके ग्राहकों को क्या-क्या मिलेगा?

मुंबई: दूरसंचार क्षेत्र में आगाज करते हुए रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने आज घोषणा की रिलायंस जियो बाजार में पांच सितंबर से कदम रखेगी और शुरुआत में आमंत्रण दरों की पेशकश करेगी। इसके

mukesh ambani- India TV Hindi
mukesh ambani

मुंबई: दूरसंचार क्षेत्र में आगाज करते हुए रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने आज घोषणा की रिलायंस जियो बाजार में पांच सितंबर से कदम रखेगी और शुरुआत में आमंत्रण दरों की पेशकश करेगी। इसके तहत उसके ग्राहकों को मुफ्त वॉयस कॉलिंग, देशभर में मुफ्त रोमिंग और सस्ती दरों पर डेटा उपलब्ध होगा।

रिलायंस इंडस्ट्रीज की 42वीं वार्षिक आम सभा में अपने डेढ़ घंटे के संबोधन में अंबानी ने अधिकांश समय जियो के संदर्भ में ही बात की और रिलायंस जियो के बाजार में कदम रखने के साथ ही चार महीने के लिए कई सारी मुफ्त सेवाएं देने की घोषणा की। जियो ग्राहकों के लिए पांच सितंबर से 31 दिसंबर तक के लिए मुफ्त वेलकम ऑफर देने की घोषणा की गई है।

(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)

जियो फोन पर वॉयस कॉलिंग जीवनभर रहेगी मुफ्त

वॉयस कॉलिंग जियो फोन पर जीवनभर मुफ्त रहेगी और 31 दिसंबर के बाद कंपनी डेटा के दस प्लानों की पेशकश करेगी। इन प्लानों के तहत कभी-कभी डेटा प्रयोग करने वाले ग्राहकों के लिए एक दिन की अवधि वाला 19 रपये का प्लान, कम डेटा प्रयोग करने वालों के लिए 149 रपये प्रतिमाह का प्लान और बहुत ज्यादा डेटा खपत करने वालों के लिए 4,999 रपये प्रतिमाह का प्लान है।

अंबानी ने कहा कि रिलायंस जियो की पूर्ण व्यावसायिक सेवा एक जनवरी से शुरू की जाएगी। यह दुनिया के दूसरे सबसे बड़े स्मार्टफोन बाजार में 4जी सेवाएं देने वाली मात्र चौथी कंपनी होगी।

पूरे भारत में रोमिंग दरें भी शून्य रहेंगी

अंबानी ने कहा कि जियो के ग्राहकों के लिए पूरे भारत में रोमिंग दरें भी शून्य रहेंगी।  डेटा के लिए उन्होंने बेहद प्रतिस्पर्धी दरों का प्रावधान किया जिसमें पांच पैसे प्रति मेगाबाइट या 50 रुपये प्रति गीगाबाइट की दर की पेशकश की। उन्होंने कम से कम समय में 10 करोड़ ग्राहक बनाने का लक्ष्य रखते हुए कहा कि अभी जो डेटा प्लान मौजूद हैं उनमें एक जीबी के लिए 250 रुपये देने होते हैं। जियो में यह पांच से दस गुना तक नीचे होंगे और 25 से 50 रुपये प्रति गीगाबाइट तक होंगे जो डेटा के उपयोग पर निर्भर करेंगे।

छात्रों के लिए भी एक छूट वाले ऑफर की घोषणा

अंबानी ने छात्रों के लिए भी एक छूट वाले ऑफर की घोषणा की जिसमें उन्हें जियो नेटवर्क की दरों पर 25 प्रतिशत अधिक डेटा मिलेगा। इसके अलावा देशभर में दस लाख वाई-फाई हॉटस्पॉट, सबसे बेहतर अंतरराष्ट्रीय कॉलिंग दरें, जियो की एप तक असीमित पहुंच और कारोबार के लिए विशेष समाधानों की भी घोषणा कंपनी ने की।

अंबानी ने वादा किया कि जियो पर मुफ्त डेटा, वॉयस कॉलिंग और जियो एप्लिकेशन पर सामग्री (कंटेंट) तक असीमित उपयोग हर किसी को उपलब्ध होगा। सबके लिए बिल्कुल मुफ्त यह सुविधा पांच सितंबर से 31 दिसंबर 2016 तक रहेगी। उन्होंने एक गीगाबाइट प्रति सेकेंड की स्पीड पर डेटा देने की बात कही।

रिलायंस जियो ग्राहकों को और क्या-क्या मिलेगा ?

  • अंबानी ने कहा कि जियो के बाजार में आने से भारत उच्च डेटा कीमतों वाले बाजार से विश्व में न्यूनतम डेटा कीमतों वाले बाजार में बदल जाएगा।
  • डेटा के सस्ते होने की वकालत करते हुए उन्होंने घोषणा की कि 10 प्लानों में 149 रुपये प्रतिमाह का भी प्लान शामिल है जिसमें देशभर में मुफ्त वॉयस कॉल, मुफ्त रोमिंग के साथ ही 100 एसएमएस एवं 300 मेगाबाइट डेटा की सुविधा मिलेगी।
  • इसी तरह 4,999 के प्लान में 75 जीबी 4जी डेटा के साथ ही रात के समय में 28 दिनों के लिए अनलिमिटेड 4जी डेटा मिलेगा।
  • इसके अलावा 499, 999, 1,499, 2,499, 3,999 रुपये के भी कई प्लान हैं। एसएमएस की सुविधा 149 रुपये वाले प्लान को छोड़कर सभी में अनलिमिटेड रहेगी।
  • अंबानी ने कहा कि 31 दिसंबर 2017 तक जियो एप पर 15,000 रुपये तक की सुविधा सभी ग्राहकों के लिए अतिरिक्त तौर पर उपलब्ध होगा।
  • इसके अलावा कंपनी ने 2,999 रुपये में 4जी स्मार्टफोन भी पेश करने की घोषणा की।
  • देश की सबसे बड़ी दूरसंचार सेवाप्रदाता और मुख्य प्रतिस्पर्धी कंपनी भारती एयरटेल ने रिलायंस जियो के डिजिटल दुनिया में प्रवेश करने का स्वागत करते हुए उसे एक जिम्मेदार सेवा प्रदाता बताया और कहा कि वह हमेशा सारे नियामकीय दायित्व पूरा करेगी।

Latest India News