1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. चेन्नई: रेल व हवाई सेवा बहाल, राहत में कोताही से लोग नाराज

चेन्नई: रेल व हवाई सेवा बहाल, राहत में कोताही से लोग नाराज

चेन्नई: यहां रविवार सुबह से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने बाढ़ में फंसे हजारों लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राहत की बात यह है कि हवाई और ट्रेन सेवाएं रविवार से आंशिक रूप

chennai rain- India TV Hindi
chennai rain

चेन्नई: यहां रविवार सुबह से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने बाढ़ में फंसे हजारों लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राहत की बात यह है कि हवाई और ट्रेन सेवाएं रविवार से आंशिक रूप से शुरू हो गईं। चेन्नई अब दो हिस्से में बंटा नजर आ रहा है। एक है शहर का उत्तरी इलाका जो अभी भी जलमग्न है और जहां बिजली नहीं है। और, कुछ हिस्से ऐसे हैं जहां पानी घट रहा है और बिजली आ गई है।

चेन्नई जैसे ही हालात तमिलनाडु के तिरुवल्लूर, कांचीपुरम और कड्डालोर में भी हैं। राज्य में बीते सौ सालों की सबसे तेज बारिश से 325 लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे बड़े संकट की बात यह है कि बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से फिर भारी बारिश की आशंका जताई गई है।

चेन्नई हवाई अड्डे से कुछ घरेलू उड़ानें रवाना हुईं। एक अधिकारी ने बताया कि उम्मीद है कि हवाई अड्डे पर सोमवार से हालात सामान्य हो जाएंगे। दक्षिण रेलवे ने चेन्नई आने वाली तीन रेलगाड़ियों को निरस्त कर दिया है। लेकिन, चेन्नई सेंट्रल और चेन्नई एग्मोर स्टेशनों से रविवार को ट्रेन सेवा फिर से शुरू कर दी गई।

जिन रेलगाड़ियों की सेवा रविवार को शुरू की गई, उनमें चेन्नई-नई दिल्ली ग्रैंड ट्रंक एक्सप्रेस, चेन्नई-मैसूर कावेरी एक्सप्रेस और चेन्नई-नई दिल्ली तमिलनाडु एक्सप्रेस शामिल हैं। बस सेवा में भी रविवार को थोड़ा सुधार दिखा।अधिकारियों ने कहा कि मोबाइल और लैंडलाइन सेवा अभी भी प्रभावित है, लेकिन स्थिति पहले से बेहतर है। पेट्रोल पंपों पर ईंधन की आपूर्ति बेहतर हुई है।

चेन्नई के अधिकांश हिस्सों में बिजली नहीं है। वेस्ट माम्बलम में लोगों ने बिजली विभाग के दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि पास के कुछ इलाकों में बिजली आ गई है, लेकिन उनके इलाके में नहीं आई है। शहर में स्कूल-कॉलेज बंद हैं। चेन्नई में लोगों की नाराजगी देखी जा सकती है। लोगों का कहना है कि इस हालात के लिए शहर प्रशासन जिम्मेदार है।

स्थानीय निवासी वी. नित्या ने बताया कि सीवर को साफ नहीं किया जाता। बारिश के पानी की निकासी की जगहों को साफ नहीं किया जाता। ऐसा 2011 से हो रहा है। सड़कों को बनाने में भारी लापरवाही बरती जाती है। उत्तरी चेन्नई के लोगों का कहना है कि उन तक राहत नहीं पहुंची है।

Latest India News