1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. राजस्थान: 24 घंटे में दो सड़क हादसे, 25 की मौत, 38 घायल

राजस्थान: 24 घंटे में दो सड़क हादसे, 25 की मौत, 38 घायल

राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान दो सड़क हादसों में तीन बच्चों और सात महिलाओं समेत 25 लोगों की मौत हो गई और 38 अन्य लोग घायल हो गए।

Road Accidents- India TV Hindi
Road Accidents

जयपुर: राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान दो सड़क हादसों में तीन बच्चों और सात महिलाओं समेत 25 लोगों की मौत हो गई और 38 अन्य लोग घायल हो गए। भीलवाड़ा जिले के बदनोर थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक ट्राली और ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर होने से टैक्टर-ट्राली में सवार तीन बच्चों और सात महिलाओं समेत 12 लोगों की मौत हो गई और 34 अन्य लोग घायल हो गए। हादसे में ट्राली खलासी की भी मौत हो गई।

कार्यवाहक थानाप्रभारी कैलाश सिंह ने बताया कि एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वापस गांव लौट रहे एक परिवार के लोग ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर गोपालपुरा से बदनोर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि हादसा विजयनगर चौराहे के पास उस वक्त हुआ जब एक ट्राली ने ट्रैक्टर-ट्राली को टक्कर मार दी। हादसे में 12 लोगों की मौत मौके पर ही हो गई जबकि ट्राली में सवार खलासी की इलाज के दौरान मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान रामदेव गुर्जर (11), मदन गुर्जर (6), सीमा गुर्जर (5), लक्ष्मी गुर्जर, रूकमा गुर्जर, लहर गुर्जर, जेपी गुर्जर, काली गुर्जर, सोनी गुर्जर, कमला गुर्जर, देवीलाल गुर्जर, दिनेश गुर्जर और खलासी धन्नासिंह के तौर पर हुई है।

थानाप्रभारी ने बताया कि पोस्ट मार्टम के बाद उनके शवों को उनके परिवार वालों के हवाले कर दिया गया है। थानाप्रभारी ने बताया कि 34 घायलों को भीलवाडा, अजमेर और उदयपुर के राजकीय चिकित्सालयों में भर्ती कराया गया है। ट्राली चालक के खिलाफ भादंवि की धारा 279, 304 (ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया था।

सिरोही जिले के पालडी थाना क्षेत्र में हुए एक अन्य सड़क हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि पुणे से जोधपुर जा रही एक निजी बस को वीरावीलपुर के पास एक ट्राली ने टक्कर मार दी जिससे बस सड़क पर खड़ी सवारियों पर उपर पलट गई। बस के नीचे दबने से नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

उन्होंने बताया कि आठ मृतकों की पहचान लक्ष्मण कुमार देवासी, रामस्वरूप, श्रवणराम, गिरिराज वैष्णव, कोजूसिंह, गजेन्द्र सिंह, किस्तूरगिरी और जीतू सिंह, के तौर पर हुई है। वहीं चार अग्यात मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अन्य चार घायलों को सिरोही के राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है और मामले की जांच जारी है।

Latest India News