नई दिल्ली: हैदराबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय (HCU) के दलित छात्र रोहित वेमुला की कथित खुदकुशी पर मामला गरमाने के बीच जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के छात्रों ने आज इंसाफ की मांग करते हुए अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की।
विश्वविद्यालय के तीन छात्रों सूचिश्री, लेनिन कुमार और शुभांसू एक सप्ताह के लिए हैदराबाद विश्वविद्यालय में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे सात छात्रों के प्रति एकजुटता प्रदर्शित करते हुए अनशन पर बैठे। जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष लेनिन कुमार ने कहा कि जेएनयू के अन्य छात्र भी इन तीनों के साथ क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
उन्होंने कहा कि जिस हालात में रोहित को अपनी जान देने के लिए मजबूर होना पड़ा वैसे हालात से हमारे देश में बड़ी मुश्किलों से उच्च शिक्षा तक पहुंचने वाले लाखों दलित छात्र सामना कर रहे हैं। उसका सुसाइड नोट इस बात की मजबूत गवाही है कि हमारी शिक्षा व्यवस्था ने किस तरह दलितों के लिए सांस्थानिक भेदभाव और कठिनाइयों को बढ़ाया है।
पिछले सप्ताह से राष्ट्रीय राजधानी में इस मुद्दे पर विभिन्न छात्र संगठन विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं ।
Latest India News