1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हेमा मालिनी को 70 करोड़ रूपये की जमीन 1.75 लाख रूपये में मिली: RTI कार्यकर्ता

हेमा मालिनी को 70 करोड़ रूपये की जमीन 1.75 लाख रूपये में मिली: RTI कार्यकर्ता

एक RTI कार्यकर्ता ने दावा किया है कि, हेमामालिनी को नृत्य अकादमी खोलने के लिए ओशिवाड़ा इलाके में महाराष्ट्र सरकार की संशोधित नीति के तहत 70 करोड़ रूपये की जमीन महज पौने दो लाख रूपये में मिली।

hema malini- India TV Hindi
hema malini

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद हेमामालिनी को नृत्य अकादमी खोलने के लिए ओशिवाड़ा इलाके में महाराष्ट्र सरकार की संशोधित नीति के तहत 70 करोड़ रूपये की जमीन महज पौने दो लाख रूपये में मिली। यह दावा एक RTI कार्यकर्ता ने किया।

आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली ने कहा कि उपनगरीय कलेक्टर कार्यालय से प्राप्त दस्तावेजों में दिखाया गया है कि भाजपा की सांसद को नृत्य अकादमी बनाने के लिए दो हजार वर्गमीटर की जमीन 87.50 रूपये प्रति वर्गमीटर की दर से पौने दो लाख रूपये में आवंटित की गई।

गलगली द्वारा पहले दायर एक RTI याचिका में खुलासा हुआ था कि अभिनेत्री को 35 रूपये प्रति वर्गमीटर की दर से जमीन आवंटित की गई जिसकी कीमत उन्हें 70 हजार रूपये पड़ी थी। इस वर्ष फरवरी में इस मुद्दे पर विवाद पैदा होने के बाद मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने निजी ट्रस्ट और कलाकारों को जमीन आवंटन की नीति में संशोधन करने के आदेश दिए थे।

गलगली ने कहा कि भरतनाट्यम में प्रशिक्षित नृत्यांगना मालिनी चूंकि दस लाख रूपये अग्रिम दे चुकी हैं इसलिए सरकार को उनका बकाया आठ लाख 25 हजार रूपये लौटाना होगा। उन्होंने कहा, यह सरकार के लिए बड़ी शर्मिंदगी की बात होगी। मुंबई के उपनगरीय कलेक्टर शेखर चान्ने ने कहा, हां हमें उन्हें पैसा लौटाना होगा। बहरहाल पैसा तभी लौटाया जाएगा जब सरकार ऐसा करने का आदेश देगी।

गलगली ने कहा, 70 करोड़ रूपये के बाजार मूल्य की जमीन को हेमामालिनी जी को महज पौने दो लाख रूपये में आवंटित किया गया। राज्य सरकार को उन्हें आठ लाख 25 हजार रूपये लौटाने होंगे क्योंकि 1997 में ही उन्होंने दस लाख रूपये अग्रिम दे दिए थे।

Latest India News