जयपुर: राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सचिन पायलट ने सवाईमाधोपुर की बामनवास तहसील स्थित ग्राम कोचर सहित आसपास की अनेकों ढाणियों में हजारों की संख्या में पानी व चारे के अभाव में गौवंश के मारे जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसे भाजपा सरकार की चरम की असंवेदनशीलता करार दिया है। पायलट ने आज सवाईमाधोपुर एवं करौली के सूखाग्रस्त क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने कहा कि सवाईमाधोपुर के ग्राम कोचर व उसके आसपास के इलाकों में गायों के क्षत-विक्षिप्त शवों व कंकालों का मंजर सरकारी उदासीनता की गवाही दे रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गाय के नाम पर तुष्टीकरण की नीति अपनाती है लेकिन उसी गौवंश की अनदेखी कर मरने के लिये छोड दिया गया है। स्थानीय प्रशासन गायों के शवों और मरणासन्न गायों को दफनाकर अपनी नाकामी छुपाने का असफल प्रयास कर रहा है क्योंकि जिस तादाद में गायें मरी है, उन्हें दफनाकर गायों के दम तोडने की सच्चाई पर पर्दा नहीं डाला जा सकता।
पायलट ने कहा कि प्रदेश में भीषण गर्मी का आगाज हो चुका है, परन्तु गायों व अन्य मवेशियों के लिये पानी व चारे की व्यवस्था नहीं की गई है जिसके परिणामस्वरूप सवाईमाधोपुर में प्रतिदिन लगभग 100 गायें दम तोड रही है। सम्पूर्ण प्रकरण सार्वजनिक हो जाने के बावजूद अभी तक सरकार व प्रशासन ने गायों की सुध नहीं ली है। उन्होंने कहा कि भाजपा गाय के नाम पर वोट मांग सकती है परन्तु उसे पीने के लिये पर्याप्त पानी व खाने के लिये चारा और छाया उपलब्ध नहीं करवा पा रही हैं। सरकार की इस बेरूखी से सवाईमाधोपुर सहित प्रदेश के अनेकों क्षेत्रों में मवेशी मारे जा रहे है।
Latest India News