जम्मू: रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने शनिवार को कहा कि जम्मू एवं कश्मीर में रेल पटरी की पुख्ता सुरक्षा की एक विशेष योजना तैयार की जा रही है। उन्होंने पठानकोट में हुए आतंकवादी हमले के संदर्भ में कहा, "मैंने केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से बात की है। हम जम्मू एवं कश्मीर में रेल पटरी की पुख्ता सुरक्षा के लिए एक विशेष योजना पर काम कर रहे हैं।"
प्रभु जम्मू रेलवे स्टेशन पर एक मल्टीप्लेक्स परिसर, स्वचालित सीढ़ियों, मशीनीकृत लॉन्ड्री और एक एक्जक्यूटिव लाउंज के निर्माण की आधारशिला रखने के लिए आयोजित एक समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने देश में जमीनी संपर्को के बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि रेलमंत्री के रूप में वह प्रधानमंत्री के सपने को साकार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा भारतीय अर्थव्यवस्था को जीवंत करने के लिए देश में और देश से बाहर, दोनों जगह उठाए गए कदमों का एक सकारात्मक प्रभाव हुआ है। उन्होंने कहा, "रेलवे में हमने बड़े सुधार शुरू किए हैं, जो वास्तव में इतिहास रचने जैसे हैं।" उन्होंने कहा, "मुफ्ती साहब (जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री) ने कश्मीर को दिल्ली से भूतल और हवाई मार्ग से जोड़ने की मांग की है। और हमने उनसे कश्मीर को भारत के दिल से जोड़ने का वादा किया है।"
इस मौके पर राज्य के उपमुख्यमंत्री निर्मल सिंह, राज्यमंत्री (प्रधानमंत्री कार्यालय) जितेंद्र सिंह और स्थानीय सांसद शमशेर सिंह व जुगल किशोर भी उपस्थित थे। पंजाब में हुए आतंकवादी हमले के मद्देनजर रेल मंत्री के दौरे के दौरान यहां सुरक्षा का विशेष प्रबंध किया गया था।
Latest India News