1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. थाने में सपाइयों ने तोड़ी दरोगा की टांग, 1 दर्जन के खिलाफ केस दर्ज

थाने में सपाइयों ने तोड़ी दरोगा की टांग, 1 दर्जन के खिलाफ केस दर्ज

मेरठ शहर के थाना टीपी नगर थाने में पुलिस और सपाइयों के बीच हुई मारपीट में एक दरोगा के पैर की हड्डी टूट गई। इस घटना में पुलिस ने सपा नेत्री और उनके बेटे और उसके दोस्त के अलावा करीब एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

merrut- India TV Hindi
merrut

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर के थाना टीपी नगर थाने में पुलिस और सपाइयों के बीच हुई मारपीट में एक दरोगा के पैर की हड्डी टूट गई। इस घटना में पुलिस ने सपा नेत्री और उनके बेटे और उसके दोस्त के अलावा करीब एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सपा नेत्री के बेटे व उसके दोस्त को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।

एसपी सिटी ओम प्रकाश ने बताया कि टीपी नगर क्षेत्र में कल रात जांच के दौरान सपा महिला सभा की जिले की अध्यक्षा संगीता राहुल के बेटे नितिन राहुल की कार रोकने पर उसने व उसके दोस्त विकास गुप्ता निवासी गुप्ता कालोनी ने दरोगा से हाथापाई कर दी, जिस पर उन्हें पकड़ कर थाने लाया गया।

थाने में अपने साथी कार्यकर्ताओं के साथ पहुंची सपा नेत्री संगीता राहुल ने अपने बेटे का पक्ष लेते हुए दरोगा को ही थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में थाने में सपाई पहुंच गए, जिन्होंने वहां हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि थाने में सपाइयों ने दरोगा सर्वेश यादव को पीटा।

दरोगा सर्वेश यादव ने संगीता राहुल और उसके बेटे नितिन राहुल और उसके दोस्त विकास को नामजद और करीब एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं संगीता राहुल ने भी दरोगा सर्वेश यादव के खिलाफ तहरीर दी है।

उधर, सपा नेत्री संगीता राहुल ने उनके बेटे व साथी सपा कार्यकर्ताओं द्वारा पुलिस के साथ मारपीट के आरोप से इनकार करते हुए कहा कि 'पुलिस ने जांच के नाम पर उनके बेटे व उसके दोस्त के साथ बेवजह बदसलूकी की थी। थाने पर पहुंचने पर आरोपी दरोगा ने जो कि शराब के नशे में था और उनके साथ भी मार पिटाई की। नशे में होने के कारण वह खुद ही कहीं गिर गया, जिससे उसकी टांग टूट गई।'

Latest India News