गुवाहाटी: असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) से कहा है कि भारत-बांग्लादेश सीमा को युद्धस्तर पर सील करना सुनिश्चित किया जाए। BSF की उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए सोनोवाल ने सीमा प्रहरियों से कहा कि पड़ोसी देश के साथ सुरक्षित और पुख्ता सीमा के लिए बाड़ लगाना सुनिश्चित करें। बैठक में बीएसएफ के महानिदेशक के.के. शर्मा भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक, सोनोवाल ने बीएसएफ से कहा कि लेजर वॉल जैसे 'स्मार्ट तकनीकी उपकरण' और निगरानी गैजेट का इस्तेमाल करें ताकि हर समय सीमा पर चौकसी बरती जा सके। मुख्यमंत्री ने बीएसएफ से कहा कि सीमा की सुरक्षा सुनिश्चित करने में आने वाली सभी बाधाओं को दूर करें।
उन्होंने कहा कि बाड़ लगाने में नदी के क्षेत्र भी शामिल हैं ताकि 'सीमा सुरक्षित करने की अपनी चाहत' को हम दृढ़ता से लागू कर सकें। सोनोवाल ने कहा, 'सीमा से तस्करी और घुसपैठ को खत्म करने के लिए बांग्लादेश के साथ लगते अंतरराष्ट्रीय सीमा को सील करने के संकल्प का यह हिस्सा है।' बीएसएफ ने बताया कि धुबरी में 42 किलोमीटर लंबा हिस्सा चुनौतियों से भरा है, जिस पर उन्होंने सीमा को सील करने में राज्य सरकार की तरफ से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
Latest India News