1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. असम के CM सोनोवाल ने कहा, सील करेंगे भारत-बांग्लादेश सीमा

असम के CM सोनोवाल ने कहा, सील करेंगे भारत-बांग्लादेश सीमा

असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने कहा है कि उनकी सरकार जल्द से जल्द भारत-बांग्लादेश की अंतर्राष्ट्रीय सीमा को सील करने का काम करेगी।

सर्वानंद सोनोवाल।- India TV Hindi
सर्वानंद सोनोवाल।

गुवाहाटी: असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने कहा है कि उनकी सरकार जल्द से जल्द भारत-बांग्लादेश की अंतर्राष्ट्रीय सीमा को सील करने का काम करेगी। सोनोवाल ने राज्य के मनकाचर सेक्टर में भारत-बांग्लादेश सीमा पर हो रही घुसपैठ पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि उनकी सरकार इंटरनेशनल बॉर्डर को सील करने के लिए युद्धस्तर पर काम करेगी। 

इन्हें भी पढ़ें:

असम के मुख्यंत्री सोनोवाल ने ये सारी बातें शनिवार को एक डेलिगेशन के साथ भारत-बांग्लादेश बॉर्डर की यात्रा के दौरान कहीं। इस डेलिगेशन में 'ऑल असम स्टूडेंट्स यूनियन' (एएएसयू), राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन सरकार के कई विधायकों और असम पुलिस के डायरेक्टर जनरल समेत कई टॉप के ब्यूरेक्रेट्स भी शामिल थे।

सोनोवाल चाहते हैं कि असम में भी भारत-पाकिस्तान बॉर्डर की तरह ही बाड़बंदी की जाए। अभी पिछले दिनों ही उन्होंने कहा था कि मजबूत बाड़बंदी से तस्करों और अवैध घुसपैठियों पर लगाम लगाई जा सकेगी। जैसे भारत-पाकिस्तान की 700 किलोमीटर लंबी सीमा पर सिर्फ 6 महीने के अंदर बाड़बंदी की गई थी, ठीक उसी चीज को असम में दोहराने की जरूरत है।

शुक्रवार को दो दिवसीय यात्रा पर गए मुख्यमंत्री ने शनिवार को सीमावर्ती इलाकों का दौरा किया। सीमा की यात्रा के बाद उन्होंने कहा,’राज्य में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार असम को अवैध विदेशियों से मुक्त करने के लिए भारत-बांग्लादेश सीमा को सील करने को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।’ सोनोवाल ने कहा कि यह लंबे समय से असम के लोगों की मांग है।

सीएम ने कहा, ‘सरकार घुसपैठ के लिए संवेदनशील सीमावर्ती इलाकों को सील करने के लिए युद्ध स्तर पर सारे जरूरी कदम उठाएगी। अपने इंटरनेशनल बॉर्डर की मजबूती के लिए और तस्करी समेत सीमा के आर-पार की सभी गतिविधियों को रोकने के लिए हमें सभी वर्गो के लोगों के सहयोग की जरूरत है।’

Latest India News