A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली में ज़हरीली धुंध..स्कूल बंद, कब तक ऐसी रहेगी 'दमघोंटू' दिल्ली ?

दिल्ली में ज़हरीली धुंध..स्कूल बंद, कब तक ऐसी रहेगी 'दमघोंटू' दिल्ली ?

नई दिल्ली: प्रदूषण की वजह से दिल्ली के हालात बदतर होते जा रहे हैं। पूरी दिल्ली गैस चैंबर जैसी बन गई है और सांस लेना मुहाल हो गया है। ज्यों-ज्यों दिन बीत रहे हैं प्रदूषण

delhi fog- India TV Hindi
delhi fog

नई दिल्ली: प्रदूषण की वजह से दिल्ली के हालात बदतर होते जा रहे हैं। पूरी दिल्ली गैस चैंबर जैसी बन गई है और सांस लेना मुहाल हो गया है। ज्यों-ज्यों दिन बीत रहे हैं प्रदूषण का मीटर डरावना होता जा रहा है। दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में आज दर्ज हुए प्रदूषण के आंकड़े काफी डराने वाले हैं। प्रदूषण का सत्रह साल का रिकार्ड पहले ही टूट चुका है और अब पॉल्यूशन का ग्राफ नए रिकार्ड बनाने पर आमदा है।

हालात इतने खराब हो चुके हैं कि आज एमसीडी के स्कूलों को भी बंद करना पड़ा है और कई प्राइवेट स्कूल पहले से ही बंद हैं। वहीं एनजीटी से मिली फटकार के बाद दिल्ली सरकार आज से एक्शन में दिख रही है। केजरीवाल सरकार के दो मंत्रियों ने लैंडफिल साइट पर हालात का जायजा लिया।

कब तक ऐसी रहेगी 'दमघोंटू' दिल्ली ?

प्रदूषण ने दिल्ली को चादर की तरह ढंक लिया है। दिवाली 6 दिन पहले बीत गई लेकिन दिल्ली की धुंध अब भी छंटने का नाम नहीं ले रही। ज्यों-ज्यों घंटे बीत रहे हैं पॉल्यूशन का ग्राफ डरावना होता जा रहा है। सुरक्षित सांस लेने के लिहाज से PM 10 की मात्रा 100 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर होना चाहिये लेकिन आज सुबह 11 बजे तक के दर्ज आंकड़ों के मुताबिक-

दिल्ली में पीएम 10 का स्तर-

  • आनंद विहार- 999
  • आरके पुरम- 852
  • पंजाबी बाग- 779
  • मंदिर मार्ग- 561
  • IGI एयरपोर्ट- 285
  • आईटीओ- 136

वहीं बच्चों और बुजुर्गों के लिए बेहद खतरनाक माने जाने वाले PM 2.5 की मात्रा सुरक्षित सांस लेने के लिहाज से 60 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर होना चाहिए लेकिन आज सुबह 11 बजे तक के दर्ज आंकड़ों के मुताबिक

दिल्ली में पीएम 2.5 का स्तर-

  • आनंद विहार- 672
  • अमेरिकी दूतावास- 597
  • पंजाबी बाग- 554
  • आरके पुरम- 537
  • मंदिर मार्ग- 520
  • आईटीओ- 445

दिल्ली में ज़हरीली धुंध..स्कूल बंद

हालात इतने खराब हैं कि अगर आप दिल्ली में सांस लेते हैं तो अकेले 25 सिगरेट के बराबर धुआं अपने अंदर खींच लेते हैं। जहरीले धुएं के इसी खौफ का असर स्कूलों में दिखा रहा है। कई प्राइवेट स्कूलों के साथ-साथ एमसीडी के स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

  • ये धुआं छोटे-छोटे बच्चों में सांस की बीमारी पैदा कर सकता है
  • फेफड़ों को डैमेज कर सकता है
  • प्रदूषण की वजह से खांसी, जुकाम और छाती में दर्द की समस्या हो सकती है
  • एक्सपर्ट सलाह दे रहे हैं कि फिलहाल जो हालात है उसे देखते हुए बच्चों को घर के अंदर रखना ही बेहतर होगा

लैंडफिल साइट पर क्या करने गए मंत्री ?

जहरीले धुएं की वजह से हालात जब बेकाबू होने लगे तब दिल्ली और केंद्र सरकार की नींद टूटी। कल जहां आनन-फानन में दिल्ली और आसपास के राज्यों के अफसरों की मीटिंग बुलाई गई। वहीं आज दिल्ली की सड़कों पर केजरीवाल सरकार के मंत्री सुबह-सुबह उतर गए और लैंडफिल साइट का दौरा किया।

पड़ोसी राज्य जिम्मेदार

दिल्ली सरकार ने दलील दी कि इस हाल के लिए पड़ोसी राज्य जिम्मेदार हैं। दरअसल, पंजाब-हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसान धान की फसल काटने के बाद पराली खेत में ही जला रहे हैं। इससे जो धुआं उठा वो दिल्ली की तरफ आ गया। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक दिवाली के बाद से ही पॉल्यूशन का लेवल खतरनाक तरीके से बढ़ा है।

देखिए वीडियो-

नासा ने जारी की सैटेलाइट तस्वीर

अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा ने एक सैटेलाइट तस्वीर जारी की है दिल्ली के ऊपर कितना काला धुआं जमा है। नासा की तस्वीर में जो लाल रंग वाले इलाके दिख रहे हैं असल में ये वो धुंध है जो खेतों में पराली जलाने के बाद पैदा हुआ है लेकिन जानकार कह रहे हैं इस प्रदूषण के लिए सिर्फ किसान ही जिम्मेदार नहीं हैं।

दिल्ली में एयर 'इमरजेंसी', नोएडा में भी हालात बेकाबू

दिल्ली की हवा में पीएम लेवल लगातार 500 से पार बना हुआ है इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि हालात कितने खराब हैं। एक ओर प्रदूषण की वजह से दिल्ली में इमरजेंसी जैसे हालात हैं तो वहीं नोएडा में भी प्रदूषण की वजह से सुबह से ही सड़कों पर धुंध छाई हुई है।

Latest India News