कोलकाता: बांग्लादेश की राजधानी ढाका में हुए आतंकवादी हमले के बाद सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने पश्चिम बंगाल में भारत-बांग्लादेश सीमा पर निगरानी बढ़ा दी है। बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया, "सीमा पर निगरानी बढ़ा दी गई है। अलर्ट जारी किया गया है और हम जरूरी उपाय कर रहे हैं।"
पुलिस के साथ मिलकर BSF के जवान बांग्लादेश की सीमा से लगने वाले इलाकों में खोज अभियान चला रहे हैं। हवाईअड्डों और रेलवे स्टेशनों सहित राज्य के बड़े प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
ढाका के होली आर्टिजन बेकरी में शुक्रवार रात घुसे आतंकवादियों ने 40 लोगों को बंधक बना लिया था। हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट (IS) ने ली है।
बांग्लादेशी सुरक्षा बलों ने बंधक बनाए गए लोगों में से 13 को बचा लिया है, जबकि 20 की मौत हो गई। सुरक्षा बलों ने छह आतंकवादियों को भी मार गिराया।
Latest India News