नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में फेरबदल होगा, लेकिन उन्होंने इसकी कोई तिथि नहीं बताई। शाह ने एक संवाददाता सम्मेलन में एक सवाल के जवाब में कहा, "फेरबदल होगा, लेकिन तिथि तय नहीं है।"
केंद्रीय मंत्रिमंडल में व्यापक फेरबदल के बारे में कयास लगाए जाते रहे हैं। केंद्रीय खेल मंत्री सर्बानंद सोनोवाल अब असम के मुख्यमंत्री बन गए हैं। शाह ने कहा, "जब भी फेरबदल होगा, राजनीतिक परिस्थिति चयन का एक पहलू होगा।"
गौरतलब है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सरकार के मंत्रिमंडल में बदलाव के संकेत तब दिए हैं जब मोदी सरकार ने दो साल पूरे कर लिए हैं। सूत्रों के मुताबिक इस फेरबदल में कुछ नए चेहरे शामिल हो सकते हैं, जिसमें कमतर प्रदर्शन करने वाले मंत्रियों को हटाया जा सकता है वहीं कुछ मंत्रियों के मंत्रालय भी बदले जा सकते हैं।
Latest India News