वाराणसी: 3 दिन के भारत दौरे पर आए जापान के पीएम शिंजो आबे आज पीएम नरेंद्र मोदी के साथ वाराणसी जाएंगे। नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में शिंजो आबे दशाश्वमेघ घाट पर गंगा आरती में शामिल होंगे। PM मोदी और शिंजो आबे के स्वागत की ज़ोरदार तैयारियां हो रही हैं। साथ ही शहर के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। उम्मीद है कि वाराणसी के लिए कुछ घोषणाएं भी हो सकती हैं। वाराणसी दौरे से पहले आज राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री जापान के पीएम शिंजो आबे से मुलाक़ात करेंगे। डेलीगेशन लेवल की बातचीत हैदराबाद हाउस में होगी। इस बातचीत में बुलेट ट्रेन की डील फ़ाइनल होने की उम्मीद जताई जा रही है।
ये हैं खास तैयारियां:
- वाराणसी की विरासत से छेड़छाड़ किए बिना शिंजो आबे और PM मोदी के दौरे के लिए इसे एक आधुनिक रूप दिया गया है।
- गंगा नदी में नौकाओं की मदद से एक अस्थाई मंच तैयार किया गया है। जहां PM मोदी और शिंजो आबे बैठ कर गंगा आरती देखेंगे।
- दशाश्वमेघ घाट को वुडन फ्लोरिंग से ढंक दिया गया है, ताकि पूरी जगह समतल बनी रहे।
- घाट की सजावट के लिए कोलकाता से खास तौर पर 3 ट्रकों में फूल-मालाओं का इंतजाम किया गया है।
- विशेष तौर पर कारीगरों को भी बुलाया गया है।
- साफ-सफाई पर भी खास ध्यान दिया जा रहा है।
आबे का काशी दौरा:
- शिंजो आबे आज दोपहर 3:05 पर दिल्ली से वाराणसी के लिए रवाना होंगे।
- शाम 5 बजे आबे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
- गंगा आरती से पहले दोनों ही देशों के प्रधानमंत्री संकल्प पूजा करेंगे।
- इसके बाद शाम 5:45 आबे दशाश्वमेघ घाट पर गंगा आरती पर शामिल होंगे।
अगस्त, साल 2014 में प्रधानमंत्री मोदी के जापान दौरे में काशी और क्योटो शहर को लेकर एक पार्टनर सिटी का समझौता हुआ था। जापान के प्रधानमंत्री का काशी आना बनारस के स्मार्ट सिटी बनने की ओर एक कदम के तौर पर देखा जा सकता है।
Latest India News