मुंबई: शिवसेना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिख कर स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर को भारत रत्न देने की मांग की है। शिवसेना के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने केंद्र सरकार को लिखी चिट्ठी में आरोप लगाया है कि सावरकर हिंदू राष्ट्र के समर्थक थे इसीलिए पहले की सरकारों ने उनकी अनदेखी की। ऐसे में बीजेपी सरकार के पास उन्हें भारत रत्न देकर गलती को दुरुस्त करने का भी मौका है। राउत के मुताबिक वीर सावरकर एक असाधारण क्रांतिकारी थे और 12 साल अंडमान की जेल में कैद रहे।
संजय राउत ने कहा कि, 'वीर सावरकर एक असाधारण क्रांतिकारी थे, 12 साल तक अंडमान जेल में रहे। पूरी ब्रिटिश सरकार को उनसे डर लगता था। मैं मानता हूं अब सरकार हमारी है और उनका सम्मान देश के सबसे ऊंचे सम्मान से होना चाहिए जो की भारत रत्न है। बल्कि हम तो कहते है की वहीं अंडमान की जेल में उनको सम्मान दिया जाना चाहिए।'
वहीं वीर सावरकर के परिवार ने इस मामले से दूरी बनाई हुई है।
कांग्रेस ने सावरकर को भारत रत्न दिए जाने का विरोध किया है जबकि JDU ने भगत सिंह को भी भारत रत्न दिए जाने की मांग उठा दी। कांग्रेस का कहना है कि अगर सावरकर को भारत रत्न दिया जाता है तो ये सभी भारत रत्न पाने वालों के लिए अपमान जैसा होगा। वहीं JDU ने इसे भारत सरकार का मसला बताते हुए भगत सिंह को भी भारत रत्न दिए जाने की मांग की।
Latest India News