धार: मध्य प्रदेश के धार जिले के राजगढ़ चौकी प्रभारी आर.पी.एस. जादौन (57) ने मंगलवार रात अपने सरकारी आवास में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। परिजनों ने कहा है कि जादौन राजनीतिक दवाब के कारण अवसाद में थे। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, जादौन मंगलवार अपराह्न तक चौकी पर काम करते रहे, उसके बाद चौकी के पीछे स्थित सरकारी आवास में चले गए, लेकिन देर शाम तक वह वापस नहीं लौटे और सहकर्मियों ने फोन किया तो उनसे बात भी नहीं हुई। इसके बाद उनके आवास पर जाकर देखा गया, तो वह फांसी के फंदे से लटके हुए थे।
जादौन के परिजनों ने एक नेता पर उन्हें परेशान करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जादौन इस नेता से इतना परेशान थे कि अपना तबादला दूसरी जगह कराना चाहते थे। जादौन की बेटी ने भी पुलिस अधीक्षक से अपने पिता के तबादले का आवेदन दिया था। पुलिस अधीक्षक राजेश हिंगणकर ने कहा कि जादौन की आत्महत्या के कारण का फिलहाल पता नहीं चल पाया है, और मामले की जांच जारी है।
Latest India News