हैदराबाद: तेलंगाना में कांग्रेस को झटका देते हुए पार्टी के एक सांसद और एक विधायक ने सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) में शामिल होने का निर्णय लिया है। नलगोंडा से लोकसभा सदस्य जी. सुखेंद्र रेड्डी और मिर्यालागुदा से विधानसभा सदस्य भास्कर राव (दोनों कांग्रेस से) ने सोमवार को घोषणा की कि वे 15 जून को आधिकारिक रूप से टीआरएस में शामिल होंगे।
पूर्व सांसद जी. विवेक और उनके भाई व आंध्र प्रदेश के पूर्व मंत्री जी. विनोद भी टीआरएस के साथ होने की घोषणा कर चुके हैं। कांग्रेस का दामन छोड़ने का यह निर्णय कांग्रेसी नेताओं के मुख्यमंत्री एवं टीआरएस अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव से मुलाकात के एक दिन बाद और मुख्य विपक्षी दल में चल रही आंतरिक कलह के बीच आया है। सुखेंद्र ने संवाददाताओं को बताया कि वे तेलंगाना के लोगों का एहसान उतारने के लिए टीआरएस में शामिल हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उन्होंने नया राज्य विकसित करने की चंद्रशेखर राव की कोशिशों में मदद करने के लिए यह निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि वह लोकसभा से इस्तीफा देने का निर्णय सही समय पर लेंगे। सुखेंद्र उन दो कांग्रेसी नेताओं में से एक हैं, जो तेलंगाना राष्ट्र समिति की लहर के बावजूद 2014 में लोकसभा चुनाव जीतने में कामयाब रहे थे। पिछले माह राज्य से वाईएसआर कांग्रेस के एकमात्र सांसद पी. सुधाकर रेड्डी भी 11 सीट जीतने वाली टीआरएस में शामिल हो गए थे।
Latest India News