1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. रोहतक में युवक ने केजरीवाल पर फेंका जूता, ट्वीट में कहा- 'PM ने चमचों से जूता फिंकवाया'

रोहतक में युवक ने केजरीवाल पर फेंका जूता, ट्वीट में कहा- 'PM ने चमचों से जूता फिंकवाया'

रोहतक (हरियाणा): नोटबंदी पर यहां एक जनसभा को संबोधित करने के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ओर आज एक जूता फेंका गया। उस वक्त वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को निशाना बना रहे थे।

kejriwal- India TV Hindi
kejriwal

रोहतक (हरियाणा): नोटबंदी पर यहां एक जनसभा को संबोधित करने के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ओर आज एक जूता फेंका गया। उस वक्त वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को निशाना बना रहे थे। हालांकि, युवक का निशाना चूक गया और जूता केजरीवाल को नहीं लगा। जूता फेंकने वाले युवक को पकड़ लिया गया।

(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)

यह घटना आज शाम उस वक्त हुई जब आम आदमी पार्टी के संयोजक केजरीवाल नोटबंदी के खिलाफ तिजोरी तोड़ भंडा फोड़ रैली को संबोधित कर रहे थे। केजरीवाल की ओर उस वक्त जूता फेंका गया जब वह नोटबंदी के फैसले को एक घोटाला करार देते हुए प्रधानमंत्री पर हमला बोल रहे थे। वहां मौजूद हरियाणा से आप के वरिष्ठ नेता नवीन जयहिंद ने कहा, जूता केजरीवाल जी को नहीं लगा।

आप कार्यकर्ताओं ने युवक को काबू कर लिया और उसे बाद में अर्बन एस्टेट थाना पुलिस को सौंप दिया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, आरोपी की पहचान विकास (26) के रूप में हुई है। वह हरियाणा के दादरी जिला स्थित मोरी मकराना गांव का निवासी है। पुलिस अधिकारी ने बताया, वह स्नातक है और बेरोजगार है। पूछताछ में उसने बताया कि वह सतलुज यमुना लिंक (एसवाईएल) मुद्दे पर केजरीवाल के उन बयानों से आहत है जो हरियाणा के हितों के खिलाफ हैं। पूछताछ के दौरान युवक की मानसिक स्थिति अच्छी नहीं दिखी।

केजरीवाल ने कहा कि इस घटना ने मोदी की कायरता साबित कर दी है। उन्होंने कहा, मैंने कहा था मोदी जी कायर हैं इसलिए उन्होंने अपने पिट्ठू को जूते फेंकने के लिए भेज दिया...लेकिन आप जूते फेंक सकते हैं या सीबीआई के छापे पड़वा सकते हैं पर यह मुझे नोटबंदी घोटाले के बारे में सच बोलने से नहीं रोकेगा। नोटबंदी पर उन्होंने प्रधानमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा कि इस कदम ने गरीब किसानों को अपने ही पैसों के लिए लंबी कतारों में खड़ा कर दिया। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा नेतृत्व ने नोटबंदी की घोषणा से पहले अपने करीबियों को सतर्क कर दिया था। उन्होंने नोटबंदी को देश की आजादी के बाद का सबसे बड़ा घोटाला करार दिया।

दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी मोदी को निशाना बनाया और नोटबंदी की आलोचना करते हुए दावा किया कि यह भ्रष्टाचार, काला धन, जाली नोट और आतंकी नेटवर्क को वित्त पोषण खत्म करने के वांछित लक्ष्यों को हासिल करने में नाकाम रहा है। उन्होंने कहा कि इसके उलट इसने समाज के सभी तबकों को प्रभावित किया है, खासतौर पर आम आदमी को।

Latest India News