नई दिल्ली: ग्रामीण इलाकों में स्वच्छता को लेकर किए गए सर्वे में सिक्किम सबसे स्वच्छ राज्य माना गया है। 26 राज्यों की लिस्ट में झारखंड सबसे पीछे है। वहीं गुजरात 14 वें स्थान पर है।
नेशनल सैंपल सर्वे ऑर्गेनाइजेशन (एनएसएसओ) की तरफ से पिछले साल किए गए सर्वेक्षण के नतीजे को केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने जारी किया। इसमें केरल, मिजोरम, हिमाचल प्रदेश, नगालैंड, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, मणिपुर और मेघालय शीर्ष 10 राज्यों में शामिल हैं।
एनएसएसओ के अध्ययन में जिन राज्यों ने खराब प्रदर्शन किया है उसमें छत्तीसगढ़, ओडि़शा, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, तमिलनाडु, कर्नाटक और जम्मू कश्मीर शामिल हैं।
सर्वे में मंडी (हिमाचल प्रदेश) और सिंधुदुर्ग (महाराष्ट्र) को देश के सबसे स्वच्छ जिला घोषित किया गया है। मई 2016 में शुरू किए गए ग्रामीण स्वच्छ सर्वेक्षण में 22 पहाड़ी जिलों और 53 मैदानी जिलों को शामिल किया गया था।
एनएसएसओ ने यह सर्वेक्षण मई-जून 2015 में कराया। इसमें समूचे देश के 3788 गांवों के 73 हजार 176 घरों को शामिल किया गया। रैंकिंग वैसे परिवार जहां शौचालय है और वो उनका :घरों में या सामुदायिक शौचालयों का: इस्तेमाल कर रहे हैं, उसके प्रतिशत के आधार पर की गई है।
सिक्किम ने 100 के पैमाने पर 98.2 फीसदी अंक हासिल किए। केरल, मिजोरम, हिमाचल प्रदेश, नगालैंड, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, मणिपुर और मेघालय ने क्रमश: 95.8, 90.1, 88.6, 87.9, 86.1, 80.2 और 73 फीसदी अंक हासिल किए।
झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडि़शा, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, तमिलनाडु, कर्नाटक और जम्मू कश्मीर ने क्रमश: 17.7, 19.9, 24.8, 24.8, 27.3, 29.8, 35.8, 39.2, 44.3 और 45.9 फीसदी अंक हासिल किए।
Latest India News