पुणे: पुणे शहर की पुलिस ने एक व्यक्ति को अपनी पत्नी की नाबालिग बहन संग रेप और प्रताडऩा के आरोप में गिरफ्तार किया है। इस मामले को छुपाने के आरोप में पुलिस ने आरोपी की पत्नी को भी गिरफ्तार किया है। मामले का खुलासा तब हुआ जब एक महिला पुलिस कांस्टेबल ने पीडि़त को रेलवे स्टेशन पर भटकते हुए पाया।
इस मामले में रेलवे जीआरपी की ओर से एफआईआर दर्ज करवाई गई है। पुलिस को लड़की हड़पसर रेलवे स्टेशन पर लावारिस हालत में मिली थी। महिला कांस्टेबल उसे पुलिस स्टेशन ले आई और उसकी पूरी कहानी पता कर मामले में कार्यवाही शुरू की। पीडि़त ने पुलिस को बताया कि उसका जीजा उसके साथ पिछले एक महीने से लगातार रेप कर रहा था और उसे जबरदस्ती मजदूरी करने के लिए भी मारता-पीटता था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने उसकी बहन के सामने भी कई बार रेप किया और वह खड़े होकर तमाशा देखती रही। मामले को बाहर न बताने की धमकी देते हुए बहन ने पीडिता की पिटाई भी की। पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए आरोपी महिला और उसके पति को आईपीसी की विभिन्न धाराओं में गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। अदालत ने दोनों को दो-दो दिन की पुलिस कस्टडी में भेजने का आदेश दिया है।
Latest India News