1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. सोशल मीडिया का कमाल चंद घंटों में मिल गई ट्रेन से छूटी बच्ची

सोशल मीडिया का कमाल चंद घंटों में मिल गई ट्रेन से छूटी बच्ची

एक यात्री की चार वर्षीय बेटी को होडल रेलवे स्टेशन पर छूट जाने के कुछ ही घण्टों में उसके माता-पिता से मिला दिया गया।

train- India TV Hindi
train

मथुरा: सोशल मीडिया बिछुड़े हुओं को मिलाने में कितनी बड़ी भूमिका निभा सकता है, इसका ताजातरीन उदाहरण यहां उस समय देखने को मिला जब मथुरा से दिल्ली जा रहे एक यात्री की चार वर्षीय बेटी को होडल रेलवे स्टेशन पर छूट जाने के कुछ ही घण्टों में उसके माता-पिता से मिला दिया गया।

रेलवे पुलिस बल के इंस्पेक्टर सीबी प्रसाद ने संवाददाताओं को बताया कि मंगलवार को महोबा निवासी मनोज कुमार पत्नी और बच्चों के साथ निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के लिए मथुरा से किसी ट्रेन में बैठे थे। रास्ते में TTE ने उन्हें बताया कि यह ट्रेन निजामुद्दीन न जाकर सीधे नई दिल्ली स्टेशन जाएगी। इस पर पति-पत्नी ने होडल स्टेशन पर ही उतरना तय कर लिया। लेकिन ट्रेन में काफी भीड़ होने के कारण वे दोनों उतर नहीं पाए। किंतु, इस बीच उनकी चार वर्षीय बेटी अंजू उतर गई। ट्रेन के रफ्तार पकड़ने पर उन्हें अहसास हुआ कि बेटी संभवत: स्टेशन पर उतर गई है।

यह सोचकर वे दोनों रोने लगे। एक महिला सहयात्री ने जब उनकी समस्या सुनी तो उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि वह कुछ प्रयास करती है। उनकी बेटी मिल जाएगी। उसने तुरंत रेल मंत्रालय को ट्विटर के माध्यम से मनोज का मोबाइल नंबर और पूर्ण विवरण सहित मथुरा से होडल के बीच बच्ची के गुम हो जाने का मैसेज देकर मदद मांगी।

रेल मंत्रालय ने तुरत संग्यान लेते हुए मण्डल कार्यालय को सूचना दे दी। इस पर रास्ते के सभी स्टेशनों को अलर्ट जारी हो गया। खोजबीन शुरू हो गई। जल्द ही परिणाम भी मिल गया। कुछ ही पलों में उम्मीद भरा संदेश आ गया। होडल की सर्च टीम को एक बच्ची स्टेशन पर रोती हुई मिल गई। उससे बातचीत में पुष्टि हो गई कि वह वही बच्ची है जिसकी खोज की जा रही थी। उसे कोसीकलां स्टेशन पहुंचा दिया गया जहां उसके माता-पिता भी आ गए और बच्ची को पाकर बेहद खुश हुए।

Latest India News