करीमनगर: तेलंगाना में 28 साल के एक साफ्टवेयर इंजीनियर ने आज खौफनाक तरीके से तलवार से हमला कर अपने माता-पिता और तीन कांस्टेबल समेत 22 लोगों को घायल कर दिया। पुलिस की कार्रवाई में वह मारा गया।
हमलावर के माता-पिता और एक आटो चालक गंभीर हालत में हैं। उसे रोकने की कोशिश करने वाले पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका तथा अन्य घायलों का एक स्थानीय अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। करीमनगर के पुलिस उपाधीक्षक जे. रामा राव ने बताया कि करीमनगर कस्बे में लक्ष्मीनगर इलाके के रहने वाले 28 वर्षीय बलविंदर सिंह उर्फ बबलू का सुबह सात बजे अपने पिता अमृत सिंह और मां बेबी कौर से झगड़ा हो गया, जिस पर उसने उनपर कथित रूप से तलवार से हमला कर दिया।
पुलिस ने आरोप लगाया है कि अपने माता-पिता को खून से लथपथ हालत में बेहोश छोड़कर बलविंदर तलवार लहराते हुए अपने घर से निकला और रास्ते से गुजरने वाले लोगों पर अंधाधुंध वार करना शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वह बेहद भयावह मंजर था क्योंकि उसके वार से एक आटो चालक और दर्जन भर अन्य पीडि़त खून से लथपथ थे।
पुलिस के गश्ती दल के घटनास्थल पर पहुंचने पर बलविंदर ने तीन कांस्टेबलों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद हुई पुलिस कार्रवाई में वह मारा गया। पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि हाल में लोक सेवा परीक्षा में नाकाम रहने के बाद बलविंदर सिंह का मानसिक हताशा और अन्य मनोवैज्ञानिक समस्याओं का इलाज चल रहा था।
बेंगलुरू में एक बहुराष्ट्रीय आईटी कंपनी में कार्यरत बलविंदर बीते एक महीने से अपने माता पिता के साथ रह रहा था और उसका इलाज चल रहा था। रामा राव ने कहा, आज सुबह, उसने अपने माता-पिता पर तलवार से हमला किया। इसके बाद वह सड़क पर आ गया और उसने लोगों पर अंधाधुंध वार करना शुरू कर दिया। उसने दो पुलिस कांस्टेबलों पर भी हमला किया। खतरा भांपते हुए हमारे पुलिस निरीक्षक (विजय सारथी) ने उसे गोली मार दी। बलविंदर के हिंसक रवैये के बारे में जानकारी दिये जाने के बाद पुलिस ने एक वैन से मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ने का प्रयास किया था।
Latest India News