1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. सोलर विमान: ऐतिहासिक यात्रा पर बान ने पायलट की सराहना की

सोलर विमान: ऐतिहासिक यात्रा पर बान ने पायलट की सराहना की

सौर उर्जा से संचालित विमान सोलर इंपल्स 2 के ऐतिहासिक यात्रा पूरा करने पर संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने स्काइप के जरिए उसके पायलट को बधाई दी और कहा कि यह मानवता के लिए एक ऐतिहासिक दिन है।

solar plane - India TV Hindi
solar plane

संयुक्त राष्ट्र: सौर उर्जा से संचालित विमान सोलर इंपल्स 2 के ऐतिहासिक यात्रा पूरा करने पर संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने स्काइप के जरिए उसके पायलट को बधाई दी और कहा कि यह मानवता के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। 40,000 किलोमीटर की दूरी तय कर इस विमान ने दुनिया का चक्कर पूरा किया है। बान ने विमान के पायलट कैप्टन बर्ट्रांड पिकार्ड के साथ हुई सीधी बातचीत में सोलर इंपल्स विमान दल के समर्पण और साहस की तारीफ करते हुए कहा, आपके साहस की मैं प्रशंसा करता हूं। उन्होंने कहा, यह न केवल आपके लिए, बल्कि पूरी मानवता के लिए एक ऐतिहासिक दिन है।

आबू धाबी में विमान के उतरने से कुछ घंटे पहले स्काइप के जरिए हुई बातचीत में बान ने पिकार्ड से कहा, आपने भले ही अपनी यात्रा पूरी कर ली हो, लेकिन एक सतत संसार के लिए यात्रा तो अभी शुरू ही हुई है। इस यात्रा के पूरा होने के दौरान संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (यूएनईपी) के सद्भावना दूत रहे पिकार्ड के साथ उनके सहयोगी एंद्रे बोर्शबर्गरे भी थे। आबू धाबी से ही एक साल पहले यह यात्रा शुरू हुई थी।

महासचिव ने कहा, आप अपने नजरिए, समर्पण, साहस और प्रेरणा के जरिए हमारे भविष्य के लिए मददगार पायलट रहे हैं और आप सभी एक बेहतर उदाहरण हैं। समूची दुनिया में निरंतरता का संदेश फैलाने के लिए उनका धन्यवाद करते हुए बान ने कहा, आपने बगैर ईंधन 40,000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की है, लेकिन मैं जानता हूं कि आप बहुत उर्जावान हैं। इससे पहले संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने जून में विश्व भ्रमण के तहत शहर के जॉन एफ केनेडी हवाईअड्डा पहुंचने पर इसके पायलटों सहित सोलर इंपल्स के अन्य अधिकारियों से मुलाकात की थी।

Latest India News