लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा दो साल पहले उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर तथा आसपास के जिलों में हुए दंगों के मामले में न्यायमूर्ति विष्णु सहाय आयोग की जांच रिपोर्ट पर सवाल उठाए जाने के बीच सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) ने तंज कसते हुए कहा कि रिपोर्ट को लेकर भाजपा की हरकतें चोर की दाढ़ी में तिनका वाली कहावत चरितार्थ कर रही हैं।
सपा के प्रान्तीय प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने आज कहा कि मुजफ्फरनगर दंगों की जांच के लिए गठित न्यायमूर्ति विष्णु सहाय आयोग की रिपोर्ट अभी प्रकाशित भी नहीं हुई है, लेकिन भाजपा नेताओं ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। उन्हें मालूम है कि उनके दंगा भड़काऊ कारनामों की पोल खुल गई है, इसलिए वे हताश हैं और उनकी छटपटाहट भरी हरकतें चोर की दाढ़ी में तिनका वाली कहावत चरितार्थ करती हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री संजीव बालियान ने गैरजिम्मेदाराना व्यवहार करते हुए राज्य के वरिष्ठ काबीना मंत्री आजम खां के खिलाफ फुजूल बयानबाजी की है। आयोग की रिपोर्ट देखे बगैर ऐसा बयान देना निहायत अलोकतांत्रिक, अवैधानिक और निन्दनीय है। आजम खां को भाजपा नेताओं से धर्मनिरपेक्ष होने का प्रमाणपत्र लेने की जरूरत नहीं है।
चौधरी ने कहा कि भाजपा नेता प्रदेश की राजनीति में जहर घोलने और साम्प्रदायिक धु्रवीकरण के जरिए अपना भविष्य संवारने की बेकार कोशिश कर रहे हैं। मालूम हो कि भाजपा पिछले दिनों राज्यपाल को सौंपी गयी विष्णु सहाय आयोग की रिपोर्ट पर लगातार सवाल खड़े कर रही है। पार्टी के प्रान्तीय अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने आज इलाहाबाद में प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि विष्णु सहाय आयोग की रिपोर्ट जल्दबाजी में दी गई है।
Latest India News