नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि किराए वृद्धि का कदम दिल्ली मेट्रो को खत्म कर देगा। केजरीवाल ने ट्वीट किया, "किराया बढ़ाने का कदम दिल्ली मेट्रो को खत्म कर देगा। अगर लोगों ने इसका इस्तेमाल बंद कर दिया तो इसके रहने का क्या मतलब रह जाएगा।"
मुख्यमंत्री शुक्रवार को जारी मीडिया रपटों का हवाला दे रहे थे, जिसमें बताया गया है कि 10 अक्टूबर को किराया वृद्धि के एक दिन बाद से मेट्रो तीन लाख यात्री गंवा दिए।दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन(डीएमआरसी) ने शुक्रवार को अपने बचाव में कहा था कि यात्री संख्या घटने के लिए सिर्फ किराया वृद्धि को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता और पूरे वर्ष यात्रियों की संख्या घटती-बढ़ती रहती है। दिल्ली सरकार ने किराया वृद्धि का विरोध किया था और इस मुद्दे पर डीएमआरसी व केंद्र सरकार से उसका विवाद भी हुआ था।
अपनी आम आदमी पार्टी के साथ किराया वृद्धि का विरोध करने वाले केजरीवाल ने कहा कि कई यात्रियों ने परिवहन के दूसरे तरीके अपना लिये हैं जिससे प्रदूषण बढ़ रहा है और सड़कों पर भी यातायात बढ़ गया है। केजरीवाल ने ट्वीट कर यह बात कही। पिछले महीने केजरीवाल ने मेट्रो किराया वृद्धि को ‘जन विरोधी’ कहा था।
एक आरटीआई में पता चला कि सितंबर में जहां रोजाना औसतन 27.4 लाख मुसाफिर मेट्रो की सवारी करते थे, वहीं अक्तूबर में 24.2 यात्री रह गये। यात्रियों की संख्या में 11 प्रतिशत की कमी आई।
Latest India News