लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अयोध्या के कारसेवकपुरम में पत्थर लाये जाने के संबंध में मीडिया खबरों पर संग्यान लेते हुए आज कहा कि यदि कोई शरारती तत्व कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अखिलेश यादव ने अपने सरकारी आवास पांच, कालीदास मार्ग पर प्रदेश के मुख्य सचिव आलोक रंजन, प्रमुख सचिव :गृह: देबाशीष पंडा सहित प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की विस्तार से समीक्षा की।
सरकारी प्रवक्ता के मुताबिक अखिलेश यादव ने कहा, अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद परिसर में हर हाल में न्यायालय के निर्देशों का पूरी सख्ती से कार्यान्वयन एवं अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। प्रदेश में कानून व्यवस्था को खराब करने की किसी को इजाजत नहीं दी जाएगी क्योंकि अयोध्या का यह मामला उच्चतम न्यायालय में विचाराधीन है।
मुख्यमंत्री ने कहा, राज्य सरकार हर वर्ग और हर धर्म के लोगों के कल्याण के साथ साथ उनकी सुरक्षा के प्रति कटिबद्ध है और यदि कोई भी शरारती तत्व कानून व्यवस्था से खिलवाड कर प्रदेश की शांति व्यवस्था खराब करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी कीमत पर प्रदेश में अमन चैन का माहौल खराब नहीं होने दिया जाएगा।
Latest India News