नई दिल्ली: गिरफ्तारी से करीब सप्ताह भर से बचते फिर रहे आम आदमी पार्टी के विवादित विधायक सोमनाथ भारती ने उच्चतम न्यायालय का आदेश आने के कुछ घंटों बाद आज रात पुलिस के समक्ष समर्पण कर दिया। भारती की पत्नी ने उनके खिलाफ घरेलू हिंसा और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कराया है। भारती अपने वकीलों के साथ उत्तरी द्वारका थाने में पहुंचे। उनकी कार रात करीब 10:10 बजे थाने पहुंची। उन्होंने पुलिस के समक्ष खुद को पेश किया। मौके पर मीडियाकर्मियों के सामने भारती ने कार में बैठे बैठे भारतीय संविधान की एक प्रति लहराई जो उन्होंने अपने साथ ले रखी थी। दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री भारती के खिलाफ उनकी पत्नी लिपिका मित्रा की शिकायत पर उत्तरी द्वारका थाने में मामला दर्ज किया गया
आपको बता दें कि इससे पहले ही उच्चतम न्यायालय ने भारती की अग्रिम ज़मानत की याचिका पर सुनवाई से इनकार करते हुए कहा कि पहले आत्मसमर्पण करें, फिर हम देखेंगे कि मामले को मध्यस्थता केंद्र भेजा जाना चाहिए या नहीं। इसके उच्चतम न्यायालय ने मामले की सुनवाई बृहस्पतिवार तक के लिए स्थगित कर दी।
बता दें कि दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती के खिलाफ पत्नी की शिकायत पर द्वारका थाने में गैर जमानती धाराओं के तहत केस दर्ज है। उनकी पत्नी की ओर से जून में शिकायत दी गई थी। पत्नी ने घरेलू हिंसा, जान से मारने की कोशिश और प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर से आम आदमी पार्टी के विधायक सोमनाथ भारती 49 दिन की केजरीवाल सरकार में कानून मंत्री थे। इस दौरान खिड़की एक्सटेंशन मामले में देर रात नाइजीरियाई महिलाओं के साथ बदसलूकी के मामले में भी उनका नाम चर्चाओं में आया था। इस मामले में उनके खिलाफ छेड़छाड़ का केस भी दर्ज किया गया था।
इस मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी सोमनाथ को सरेंडर करने की सलाह दी थी, लेकिन, सोमनाथ के परिजनों ने साफ कर दिया कि पूरे कानूनी प्रयासों के बाद ही वे रणनीति तय करेंगे। सीएम ने यहां तक कहा कि भारती के फरार होने से पार्टी और परिवार दोनों को शर्मिंदगी उठानी पड़ रही है।
इसके साथ ही दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल का भी कहना रहा है कि सोमनाथ भारती को आंखमिचौली का खेल छोड़कर जांच में दिल्ली पुलिस की मदद करनी चाहिए।
Latest India News