1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. शहाबुद्दीन की ज़मानत पर आज सुप्रीम कोर्ट फ़ैसला

शहाबुद्दीन की ज़मानत पर आज सुप्रीम कोर्ट फ़ैसला

नयी दिल्ली: राष्ट्रीय जनता दल के बाहुबली नेता मोहम्मद शहाबुद्दीन की जमानत पर सोमवार को सुप्रीम कोर्ट फैसला सुना सकती है। कोर्ट सिवान के बहुचर्चित एसिड बाथ डबल मर्डर मामले में मिली ज़मानत के ख़िलाफ़

Shahabuddin- India TV Hindi
Shahabuddin

नयी दिल्ली: राष्ट्रीय जनता दल के बाहुबली नेता मोहम्मद शहाबुद्दीन की जमानत पर सोमवार को सुप्रीम कोर्ट फैसला सुना सकती है। कोर्ट सिवान के बहुचर्चित एसिड बाथ डबल मर्डर मामले में मिली ज़मानत के ख़िलाफ़ दायर याचिकाओं पर सुनवाई कर रही है। सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश पिनाकी चन्द्र घोष एवं न्यायाधीश अमिताभ राय की खंडपीठ ज़मानत दिए जाने के मामले पर सुनवाई करेगी।

पिछले सोमवार को कोर्ट ने ज़मानत रद्द करने की चंदा बाबू और बिहार सरकार की याचिकाओं की सुनवाई करते हुए शहाबुद्दीन से पूछा था कि क्यों न आपकी जमानत रद कर दी जाए?

शहाबुद्दीन की ओर से प्रसिद्ध अधिवक्ता राम जेठमलानी को उनका पक्ष रखना था, लेकिन सोमवार को वे कोर्ट में मौजूद नहीं रहेंगे। दूसरे अधिवक्ता शहाबुद्दीन का पक्ष रखेंगे इस बीच राज्य सरकार ने भी नया वकील नियुक्त कर दिया है।

शहाबुद्दीन प्रकरण पर सुनवाई को ध्यान में रखते हुए बिहार में राज्य प्रशासन ने सिवान और आसपास के जिलों की पुलिस को अलर्ट किया है। शहाबुद्दीन जमानत के बाद सिवान में ही हैं।

ग़ौरतलब है कि पटना हाइकोर्ट द्वारा पिछले 11 वर्षों से भी अधिक समय से जेल में बंद शहाबुद्दीन को विगत 7 सितंबर को जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया गया था। अपने तीन-तीन पुत्रों की मौत का सदमा झेलने वाले उस पिता के साथ खुद बिहार सरकार ने भी सुप्रीम कोर्ट में पटना हाइकोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी है, जिसके तहत  शहाबुद्दीन को भागलपुर केंद्रीय कारा से विगत 10 सितंबर को रिहा किया गया था।

शहाबुद्दीन ने कहा कि न्यायालय का उन्होंने हमेशा सम्मान किया है। उसके निर्णय का वे सम्मान करेंगे। जो भी फैसला होगा उसे वे स्वीकार करेंगे।

पूर्व सांसद शहाबुद्दीन की जमानत रद कराने के लिए राज्य सरकार के साथ-साथ सिवान के कारोबारी चंदा बाबू ने भी अलग से एक याचिका (विशेष अनुमति याचिका) सर्वोच्च न्यायालय में दायर कर रखी है। चंदा बाबू की ओर से सर्वोच्च न्यायालय के वरीय वकील प्रशांत भूषण शहाबुद्दीन की ज़मानत रद कराने को लेकर बहस करेंगे।

यदि सुप्रीम कोर्ट ने शहाबुद्दीन की जमानत को रद करने का आदेश दिया तो इस बाहुबली पूर्व सांसद को तत्काल गिरफ्तार करने की रणनीति भी तैयार कर ली गई है। सिवान में विधि-व्यवस्था को बनाए रखने के सभी इंतजाम कर लिए गए हैं। सिवान में एसटीएफ का कमांडो दस्ता (चीता) के साथ आसपास के सभी जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल को अलर्ट कर दिया गया है। पत्रकार राजदेव रंजन हत्याकांड की जांच को सीबीआइ की एक टीम पिछले 10 दिनों से सिवान में कैंप कर रही है।

Latest India News