1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. काला जादू करने के संदेह में व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या

काला जादू करने के संदेह में व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या

असम के जोरहाट जिले में रविवार को कथित तौर पर काला जादू के प्रभाव से एक महिला की मौत होने पर भीड़ ने काला जादू करने के संदेह में एक व्यक्ति को आज पीट-पीटकर मार डाला।

assam- India TV Hindi
assam

जोरहाट: असम के जोरहाट जिले में रविवार को कथित तौर पर काला जादू के प्रभाव से एक महिला की मौत होने पर भीड़ ने काला जादू करने के संदेह में एक व्यक्ति को आज पीट-पीटकर मार डाला। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय गुनीन्द्र डेका ने कहा कि आज तड़के सोकोलातिंग चाय बागान के बाशबारी टी डिवीजन में भीड़ द्वारा 48 वर्षीय लाल बौरी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। 

डेका ने कहा कि हमलावरों ने बौरी का शव एक बोरे में भरकर पुलीबार पुलिस थाना अंतर्गत आने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 37 के पास काकोदुंगा नदी में फेंक दिया। लोगों को संदेह था कि बौरी के काला जादू करने से उसके पड़ोस में रहने वाली 22 वर्षीय दीपांजलि तांती की मौत हुई थी। पुलिस ने कहा कि दीपांजलि को टीबी थी और वह कुछ दिन जोरहट मेडिकल कालेज हास्पिटल में रही, लेकिन शनिवार को उसे वापस घर भेज दिया गया क्योंकि उसकी सेहत में सुधार नहीं हुआ और अगले दिन घर में उसकी मृत्यु हो गई। उसकी मृत्यु के बाद पड़ोसियों और रिश्तेदारों को बौरी पर शक हुआ।

आठ लड़कों का पिता बौरी लोगों से मिलने और यह समझाने आया था कि दीपांजलि की मौत में उसका कोई हाथ नहीं था, लेकिन भीड़ ने धारदार हथियार, लाठी और कुल्हाडि़यों से उसकी हत्या कर दी। पुलिस दोषियों की तलाश कर रही है।

Latest India News