1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. लखनऊ में स्वाइन फ्लू से मौत, सतर्कता बढ़ाई

लखनऊ में स्वाइन फ्लू से मौत, सतर्कता बढ़ाई

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्वाइन फ्लू से 37 वर्षीय व्यक्ति की मौत के बाद पूरे राज्य में अलर्ट जारी कर दिया गया है।

Swine Flu- India TV Hindi
Swine Flu

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्वाइन फ्लू से 37 वर्षीय व्यक्ति की मौत के बाद पूरे राज्य में अलर्ट जारी कर दिया गया है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि मरीज की मौत बुधवार रात संजय गांधी पोस्ट-ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसजीपीजीआई) में हुई, जो पास के ही शहर बाराबंकी का रहने वाला था। अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित का पिछले कुछ दिनों से अत्यधिक बुखार और खांसी के चलते एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। कुछ दिनों पहले ही उसे एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया था, जहां बुधवार रात उसकी मौत हो गई।

स्वाइन फ्लू के लिए उसके नमूने पॉजीटिव पाए गए। फिलहाल उसके परिवार, संबंधियों, पड़ोसियों को किसी भी संक्रमण की आशंका को देखते हुए जांच की जा रही है। लखनऊ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) एस.एन.एस. यादव ने कहा, "घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है, राज्य की राजधानी के स्वास्थ्य अधिकारी सतर्कता बरत रहे हैं और उन मरीजों पर नजर रखी जा रही है, जिनमें एन1एन1 जैसे लक्षण नजर आ रहे हैं।"

राज्य में स्वाइन फ्लू के कारण यह इस साल दूसरी मौत है। पिछले सप्ताह निराला नगर मोहल्ले में स्वाइन फ्लू से एक की मौत हो गई थी। पीड़ित की उम्र 60 साल के आसपास थी।

Latest India News