नई दिल्ली: दिल्ली और मुंबई सेंट्रल के बीच सेमी-हाइस्पीड टैल्गो ट्रेन का ट्रायल रन शुरू हो गया है। टैल्गो ट्रेन भारी बारिश की वजह से डेढ़ घंटा देरी से मुंबई पहुंची। मुंबई पहुंचने का इसका वक्त सुबह 10 बजे का था लेकिन ट्रेन 11 बजकर 35 मिनट पर मुंबई सेंट्रल पहुंची। पहले ट्रायल में यह 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी, लेकिन बारिश की वजह से गुजरात के सूरत तक ही यह तय स्पीड से चल सकी।
टेल्गो ट्रेन सोमवार को नई दिल्ली से शाम 7 बजकर 55 मिनट पर रवाना हुई जो पलवल, मथुरा, कोटा, रतलाम, सूरत होते हुए मुंबई पहुंची।
3 अगस्त को मुंबई सेंट्रल-नई दिल्ली के बीच का दूसरा ट्रायल रन भी 130 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से ही होगा लेकिन 5 अगस्त को नई दिल्ली-मुंबई के बीच इस ट्रेन का तीसरा और अंतिम ट्रायल रन 150 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड पर किया जाएगा। मथुरा और पलवल के बीच 180 किलोमीटर प्रति घंटे का सफल ट्रायल रन पहले ही हो चुका है।
टेल्गो का फाइनल ट्रायल 150 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से 5 अगस्त को होगा।
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इस ट्रेन के जरिए मुंबई से दिल्ली के सफर में चार घंटे की कटौती की जा सकेगी। वर्तमान में इस सफर में 17 घंटे लगते हैं और इसे 12 घंटे में पूरा किए जाने का विचार है। टैल्गो का दूसरा परीक्षण 5, तीसरा 9 और चौथा 14 अगस्त को होगा। इन परीक्षणों के दौरान ट्रेन की रफ्तार 140 और 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक की जाएगी। ट्रायल के दौरान स्पेन से आए इंजीनियर भी साथ में सफर करेंगे।
Latest India News