चेन्नई: तमिलनाडु में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1,896 नए मामले सामने आए जिसके बाद कुल मामले बढ़कर 25,88,781 हो गए। इसके साथ ही महामारी से 23 और मरीजों की मौत हो गई जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 34,519 पर पहुंच गई।
स्वास्थ्य विभाग बुलेटिन जारी करके बताया कि अभी कोरोना के 20458 मरीज उपचाराधीन हैं। राज्य में अब तक 25,33,804 लोग ठीक हो चुके हैं। पिछले एक दिन में कुल 1,57,587 नमूनों की जांच की गई। बुलेटिन के अनुसार, अब तक कुल 3,98,03,533 नमूनों की जांच की जा चुकी है।
वायरस से प्रभावित बच्चों के इलाज के लिए रेलवे अस्पताल में जल्द खुलेगा एक वार्ड
दक्षिण रेलवे के महाप्रबंधक जॉन थॉमस ने रविवार को कहा कि रेलवे ने कोविड-19 मरीजों के इलाज के लिए अवसंरचना को मजबूत किया है और अब यहां पेरंबूर में अपने अस्पताल में अलग बाल रोग (पीडियाट्रिक) वार्ड स्थापित कर रहा है।
उन्होंने चेन्नई में रेलवे स्टेडियम में 75वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा फहराने के बाद इसकी घोषणा करते हुए कहा कि वैश्विक महामारी की दूसरी लहर के दौरान रेलवे अस्पताल में कोविड-19 के मरीजों के लिए बिस्तरों की संख्या 80 से बढ़ाकर 280 कर दी गई।
थॉमस ने दक्षिण रेलवे के चिकित्सकों, नर्सों और पराचिकित्सा कर्मियों की कोरोना योद्धा के तौर पर प्रशंसा करते कहा कि अस्पताल के नये ब्लॉक में बच्चों के इलाज के लिए पीडियाट्रिक वार्ड विकसित किया जा रहा है।
चिकित्सीय ऑक्सीजन ले जाने के लिए संचालित ट्रेनों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि दक्षिण क्षेत्र ने विभिन्न गंतव्यों से तमिलनाडु और केरल को जीवन रक्षक गैस की आपूर्ति के लिए 214 ट्रेनें चलाईं। टीकाकरण के बारे में उन्होंने कहा कि दक्षिण रेलवे के अस्पतालों में टीके की 83,000 खुराकें दी गईं।
रेलवे के प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के प्रकोप से पहले संचालित 92 प्रतिशत ट्रेनों को बहाल कर दिया गया और 2020-21 के दौरान इस क्षेत्र में सात खंडों में रेल लाइनों का दोहरीकरण पूरा कर लिया गया था।
Latest India News